---विज्ञापन---

ब्लॉकबस्टर फिल्म देने के बाद भी काम को तरसी ये एक्ट्रेस, 30 साल बाद मुंबई लौटकर मांगा काम

---विज्ञापन---

हिंदी सिनेमा के सुनहरे दौर की सबसे शानदार अभिनेत्रियों में से एक मीनाक्षी शेषाद्रि (Meenakshi Seshadri) एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं. 'दामिनी' और 'घातक' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने के बाद, करीब 30 साल तक ग्लैमर की दुनिया से दूर रहीं मीनाक्षी अब मुंबई लौट आई हैं. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म मेकर्स और फैंस को अपनी वापसी का पैगाम दिया है, जिसे लेकर उनके चाहने वालों के बीच जबरदस्त उत्साह है.

30 साल बाद मुंबई वापसी

मीनाक्षी ने अपने वीडियो में भावुक होते हुए कहा कि एक लंबे सफर के बाद वे अपनी कर्मभूमि मुंबई वापस आ गई हैं. वे अब पूरी पॉजिटिविटी और जुनून के साथ मनोरंजन की दुनिया में दोबारा कदम रख रही हैं. बता दें कि शादी के बाद वे अमेरिका में सेटल हो गई थीं और वहीं रहकर अपना डांस स्कूल चला रही थीं.

---Advertisement---

दमदार रोल की तलाश

एक्ट्रेस ने साफ किया है कि अब उनके लिए रोल की लंबाई नहीं, बल्कि किरदार की गहराई मायने रखती है. उन्होंने कहा, "चाहे मुख्य भूमिका हो या छोटा सा रोल, मेरे लिए सबसे जरूरी यह है कि वह किरदार दमदार हो और मुझे एक कलाकार के रूप में चुनौती दे." वे फिल्मों के साथ-साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी काम करने के लिए काफी उत्सुक हैं.

बिना पीआर के कर रही हैं संघर्ष

दिलचस्प बात यह है कि इतनी बड़ी स्टार होने के बावजूद मीनाक्षी फिलहाल बिना किसी पीआर या टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी के अपने दम पर काम तलाश रही हैं. हालांकि उनके पास कुछ ऑफर आए, लेकिन वे उन्हें कुछ खास नहीं लगे या बात आगे नहीं बढ़ पाई. वे चाहती हैं कि मेकर्स उन्हें उनकी प्रतिभा के आधार पर सही मौका दें.

---Advertisement---

परिवार का पूरा सपोर्ट

अपनी वापसी पर मीनाक्षी ने कहा कि वे अपने परिवार के हौसले और प्यार की वजह से ही यह कदम उठा रही हैं. वे अमेरिका में छुट्टियां मनाने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए ट्रैवल करती रहेंगी, लेकिन उनका मुख्य ठिकाना अब भारत ही होगा. वे अब वही करना चाहती हैं जिससे उन्हें सच्ची खुशी मिलती है.

फैंस से मांगी दुआएं

मीनाक्षी ने अपने चाहने वालों से गुजारिश की है कि वे उन्हें पहले की तरह ही प्यार और सपोर्ट देते रहें. उन्होंने कहा कि फैंस का आशीर्वाद और भरोसा ही उन्हें हर दिन आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. सोशल मीडिया पर उनकी वापसी की खबर सुनते ही फैंस उन्हें फिर से 'दामिनी' वाले अवतार में देखने की उम्मीद कर रहे हैं.

---Advertisement---
First published on: May 25, 2026 01:47 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.