---विज्ञापन---
Jio Hotstar पर मौजूद तगड़ी मिस्ट्री-थ्रिलर फिल्म, कहानी में भर भरकर मिलेगा सस्पेंस

कई बार बॉक्स ऑफिस के आंकड़े फिल्म की असलियत बयां नहीं कर पाते, और ऐसा ही कुछ सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म 'निकिता रॉय' के साथ हुआ है. साल 2025 में थिएटर में बुरी तरह पिटने वाली यह फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर 'नंबर वन' बनकर उभरी थी. अर्जुन रामपाल और परेश रावल जैसे दिग्गजों के साथ सजी यह मिस्ट्री-थ्रिलर अब डिजिटल दर्शकों की पहली पसंद बन गई है.

बॉक्स ऑफिस पर रहा था बुरा हाल- जुलाई 2025 में जब यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई, तो इसे दर्शकों का साथ नहीं मिला. लगभग 25 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म अपनी लागत का 10 प्रतिशत भी नहीं वसूल पाई और महज 1.28 करोड़ पर सिमट गई. उस वक्त इसे साल की सबसे बड़ी 'डिजास्टर' फिल्मों में गिना गया था.

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शानदार वापसी- थिएटर की नाकामी के बाद, 12 जनवरी 2026 को फिल्म को जियो हॉटस्टार (JioHotstar) पर रिलीज किया गया. ओटीटी पर आते ही फिल्म की किस्मत पलट गई. देखते ही देखते यह ट्रेंडिंग लिस्ट में टॉप पर पहुंच गई और इसकी IMDb रेटिंग भी सुधरकर 7.1 हो गई, जो एक थ्रिलर फिल्म के लिए काफी अच्छी मानी जाती है.

रहस्य और ढोंगी बाबा की डरावनी कहानी- फिल्म की कहानी लेखिका 'निकिता रॉय' (सोनाक्षी सिन्हा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने भाई की रहस्यमयी मौत का सच खोजने निकलती है. इस दौरान उसका सामना एक ऐसे प्रभावशाली लेकिन ढोंगी बाबा से होता है, जो आध्यात्म की आड़ में काले कारनामे करता है. जैसे-जैसे राज खुलते हैं, कहानी सस्पेंस और अलौकिक (Supernatural) घटनाओं से भर जाती है.

दमदार स्टारकास्ट और निर्देशन- इस फिल्म का निर्देशन सोनाक्षी सिन्हा के भाई कुश सिन्हा ने किया है. फिल्म में अर्जुन रामपाल और परेश रावल जैसे मंझे हुए कलाकारों ने अपनी एक्टिंग से जान फूंक दी है. ओटीटी पर दर्शक अब इन कलाकारों के प्रदर्शन और फिल्म के डार्क एटमॉसफेयर की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

क्यों देखें 'निकिता रॉय'?- अगर आप कम समय में (महज 1 घंटा 50 मिनट) एक ठोस थ्रिलर देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपके लिए परफेक्ट है. इसमें सस्पेंस के साथ-साथ समाज में फैले अंधविश्वास पर एक कड़ा प्रहार भी किया गया है. जो लोग इसे थिएटर में नहीं देख पाए थे, उनके लिए अब यह घर बैठे रोमांच का एक बेहतरीन जरिया बन गई है.