FWICE Chief on Don 3 Controversy: फरहान अख्तर की फिल्म डॉन 3 इन दिनों विवादों में बनी हुई है. जब से रणवीर सिंह ने ‘डॉन 3’ से किनारा किया है, ये विवाद बढ़ता ही जा रहा है. इस मामले को लेकर फरहान अख्तर ने हाल ही में FWICE से शिकायत की, जिसके बाद FWICE ने 25 मई को रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कॉपरेशन नोटिस जारी कर दिया. शिकायत में फरहान अख्तर ने आरोप लगाया गया कि रणवीर ने शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले फिल्म ‘डॉन 3’ से खुद को अलग कर लिया. इस वजह से मेकर्स को भारी नुकसान उठाना पड़ा. अब इस मामले में फेडरेशन के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने प्रतिक्रिया दी है.
रणवीर सिंह पर भड़के FWICE अध्यक्ष
अमर उजाला से बात करते हुए FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने कहा, ‘इशू इनका सिर्फ इतना नहीं है कि शूटिंग नहीं कर रहे हैं. मामला ये है कि पहले पूरा काम शुरू कराया गया, प्रोडक्शन आगे बढ़ाया गया और उसके बाद करोड़ों रुपये खर्च करवा दिए गए. करीब 45 करोड़ रुपये इस प्रोजेक्ट पर लग चुके हैं. अब अचानक बोलते हैं कि हमें फिल्म नहीं करनी है. अब उनको ‘धुरंधर’ जैसी फिल्म चाहिए. भाई, हर बार वैसी फिल्म कहां से आएगी? इतना बड़ा प्रोजेक्ट 2023 से चल रहा है. बीएन तिवारी ने बताया कि रणवीर के हिसाब से स्क्रिप्ट में बदलाव किए गए. फिर 23-24 लोकेशन बुक की गईं और मेंबर्स के टिकट खरीदे गए. प्रोजेक्ट की सारी तैयारियां पूरी हो चली थीं. इसके लिए 45 करोड़ का खर्च आया और तीन साल का समय भी लगा.
जवाब नहीं देंगे तो सवाल तो उठेगा
आगे उन्होंने कहा कि, ‘अगर 45 करोड़ नहीं भी लगे होंगे तो 40 करोड़ तो जरूर लगे होंगे. उनका ऑडिट हुआ होगा, रिपोर्ट होगी और वो दिखाने के लिए भी तैयार हैं. वो बैठकर बात करने को तैयार हैं. हमारी सिर्फ इतनी मांग है कि रणवीर सामने बैठें और बात करके मामला खत्म करें. लेकिन उनका रवैया ऐसा है कि वो कुछ कहना ही नहीं चाहते. बात नहीं करना चाहते. लगातार अवॉइड कर रहे हैं. अब साइलेंट रहकर चीजें नहीं चलतीं. साइलेंट कैसे चलेगा भाई? इंडस्ट्री में हर किसी की जिम्मेदारी होती है. इतने बड़े प्रोजेक्ट में आप अचानक पीछे हट जाएंगे और कोई जवाब भी नहीं देंगे तो सवाल तो उठेंगे ही.’
आप खुद धुरंधर हो गए
बीएन तिवारी ने आगे कहा, ‘रणवीर का ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा रहा है, इसलिए इंडस्ट्री ने हमेशा सपोर्ट किया. मगर इस तरह काम करेगा तो नहीं चलेगा. आपकी फिल्म ‘धुरंधर’ चली है तो इसका मतलब ये नहीं कि आप खुद धुरंधर हो गए. इंडस्ट्री रिश्तों और भरोसे पर चलती है. अभी अगर आप बिना कुछ बताए विड्रॉ कर रहे हैं तो कैसे होगा? जब रणवीर की फिल्में नहीं चल रही थीं, उस वक्त इस आदमी ने आपको साइन किया. 2023 में आप पर भरोसा किया गया. अब आपका पार्ट वन, पार्ट टू हिट हो गया तो आपके पास कहानियां आना शुरू हो गईं. लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि पुराने कमिटमेंट भूल जाएं.’
रणवीर सिंह पर लगा बैन?
वहीं सोशल मीडिया पर चल रही रणवीर सिंह पर ‘बैन’ की खबरों पर FWICE अध्यक्ष ने सफाई दी और कहा, ‘हमने बैन नहीं किया है. नॉन-कोऑपरेशन दिया है. हमारे लोग उनके साथ काम नहीं करेंगे, मगर इसे बैन कहना गलत होगा.’