Rahul Arunoday Banerjee Passed Away: बंगाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी के अचानक निधन ने हर किसी को झकझोर दिया है. खबरों के मुताबिक, राहुल शूटिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी ओडिशा के तालसरी बीच पर फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. इसी दौरान वो समुद्र में उतर गए और अचानक पानी में डूब गए. मौके पर मौजूद टीम ने उन्हें बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन राहुल की जान नहीं बचा सके और 43 की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.
43 की उम्र में राहुल ने कहा अलविदा
इस घटना से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. 43 वर्षीय राहुल रविवार 29 मार्च को दीघा में थे और टीवी सीरियल ‘भोले बाबा पार करेगा’ की शूटिंग कर रहे थे, तभी यह दुखद घटना घटी. समुद्र में उनके डूबने के ठीक बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन माना जा रहा है कि मेडिकल हेल्प मिलने से पहले ही उनका निधन हो चुका था.
कैसे हुई ये घटना, अभी साफ नहीं
राहुल के साथी एक्टर भास्कर बनर्जी, जो टीवी सीरियल ‘भोले बाबा पार करेगा’ में राहुल के चाचा का किरदार निभाते हैं, ने बताया कि पूरी टीम शूटिंग के लिए तलसारी गई थी. उन्होंने कहा, “उनकी मौत डूबने से हुई. ये एक दुखद घटना है. ये घटना शूटिंग खत्म होने (पैक-अप) के बाद हुई. हालांकि यह ठीक-ठीक कैसे हुआ, यह अभी भी साफ नहीं है.” आगे भास्कर ने बताया कि शूटिंग खत्म करने के बाद, टीम लंच के लिए चली गई, जबकि राहुल ने कुछ देर वहीं रुकने का फैसला किया. उन्होंने कहा था कि वो टीम के साथ शामिल होने से पहले कुछ बचे हुए शॉट्स पूरे करेंगे. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. भास्कर ने इस क्षति पर दुख भी व्यक्त किया. उन्होंने कि ये घटना सोच से परे है.
बता दें कि राहुल अरुणोदय बनर्जी बहुत ही प्रतिभाशाली कलाकर थे. बंगाली टीवी इंडस्ट्री के वो जाने-माने कलाकारों में से एक थे. उनका इस तरह के अचानक चला जाना मनोरंजन जगत के लिए गहरे सदमे से कम नहीं है.