Dhurandhar 2 Box Office Collection Day 17: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसी सुनामी बन चुकी है, जिसे रोकना नामुमकिन है. 19 मार्च को अपनी रिलीज के साथ ही तहलका मचाने वाली इस फिल्म ने शनिवार को भी सिनेमाघरों में करारे नोटों की बारिश की ह. आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह स्पाय-थ्रिलर अब केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा में इतिहास लिखने वाली फिल्म बन चुकी है. बॉक्स ऑफिस पर शनिवार का दिन ‘धुरंधर 2’ के लिए किसी फेस्टिवल से कम नहीं रहा. वीक डेज में कमाई में थोड़ी गिरावट के बाद अब वीकेंड शुरू होते ही फिल्म फिर से अपने जोश में आ गई है.
फिल्म की टोटल कमाई
‘धुरंधर 2’ ने 17वें दिन बॉक्स ऑफिस पर 22.65 करोड़ की कमाई की है और अब तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने 985 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. ग्लोबल लेवल पर ‘धुरंधर 2’ ने अपनी धाक जमाते हुए अब तक कुल 1523.58 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि आने वाले हफ्तों में यानी 17 अप्रैल को ‘भूत बंगला’ की रिलीज तक, बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म को टक्कर देने वाली कोई दूसरी बड़ी फिल्म मैदान में नहीं है. ऐसे में ट्रेड एनालिस्ट्स की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या यह फिल्म आमिर खान की ‘दंगल’ (2000 करोड़ रुपये से ज्यादा) के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ कर भारतीय सिनेमा की सबसे कमाऊ फिल्म बन पाएगी.
क्या है फिल्म की कहानी?
‘धुरंधर: द रिवेंज’ की कहानी वहां से शुरू होती है जहां पहला भाग खत्म हुआ था. इस बार फिल्म का कैनवास और भी बड़ा और खतरनाक है. रणवीर सिंह द्वारा निभाया गया किरदार जसकीरत सिंह रंगी यानी ‘हमजा अली मजारी’ बनकर कराची के काले गलियारों में अपनी पैठ बनाता है. उसका मकसद साफ है पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क की जड़ों में घुसपैठ करना और उसे साफ करना. निर्देशक आदित्य धर ने इस एक्शन-थ्रिलर में जसकीरत को न केवल गैंगवार और झगड़ों को सुलझाते दिखाया है, बल्कि उसका सामना सीधे ‘बड़े साहब’ (दाऊद इब्राहिम) से कराया है. फिल्म में दिखाया गया आतंकी फंडिंग नेटवर्क को तबाह करने का मिशन दर्शकों को अपनी सीटों से बांधे रखता है.
फिल्म में एक्टर्स की दमदार एक्टिंग
फिल्म की सफलता की एक बड़ी वजह इसकी स्टार कास्ट भी है. रणवीर सिंह की एक्टिंग के साथ-साथ संजय दत्त का रौब, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल का जबरदस्त अंदाज फिल्म को एक अलग लेवल पर ले जाता है. सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और मानव गोहिल जैसे कलाकारों ने भी अपने किरदारों में जान डाल दिए हैं.