Tuesday, 10 February, 2026

---विज्ञापन---

मुश्किल दौर में फरिश्ता बने सोनू सूद, राजपाल यादव का थामा हाथ; फिल्म और फीस की दी गारंटी

Sonu Sood Supports Rajpal Yadav: राजपाल यादव के तिहाड़ जेल में सरेंडर करने के बाद सोनू सूद ने दरियादिली दिखाते हुए उन्हें अपनी फिल्म में काम देने और साइनिंग अमाउंट देने का वादा किया है. सोनू ने इसे एक कलाकार की गरिमा का सम्मान बताया है. उनके इस कदम की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है.

Sonu Sood Helps Rajpal Yadav: मशहूर कॉमेडियन और एक्टर राजपाल यादव ने हाल ही में कानूनी विवाद और कर्ज न चुका पाने के कारण तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया है. उनके इस मुश्किल वक्त में बॉलीवुड के ‘मसीहा’ कहे जाने वाले सोनू सूद उनके समर्थन में आगे आए हैं. सोनू ने न केवल राजपाल की प्रतिभा की सराहना की, बल्कि उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक बड़ी मदद का हाथ भी बढ़ाया है.

सोनू सूद का बड़ा ऐलान

राजपाल यादव के जेल जाने की खबर मिलते ही सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर उनके प्रति अपना समर्थन जताया. सोनू ने राजपाल को एक बेहद ‘गिफ्टेड’ और टैलेंटेड एक्टर बताया. उन्होंने वादा किया कि वह अपनी आने वाली फिल्म में राजपाल यादव को जरूर कास्ट करेंगे. सोनू ने यह भी कहा कि वह इस काम के लिए राजपाल को अभी ही ‘साइनिंग अमाउंट’ देंगे ताकि उनके परिवार को मदद मिल सके.

इंडस्ट्री से साथ आने की अपील

सोनू सूद ने सिर्फ खुद मदद नहीं की, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के अन्य निर्माताओं और निर्देशकों से भी भावुक अपील की है. उन्होंने लिखा कि यह समय एक-दूसरे का हाथ थामने का है. सोनू के अनुसार, जब हमारा अपना कोई साथी कठिन दौर से गुजर रहा हो, तो पूरी इंडस्ट्री को एक परिवार की तरह खड़े होकर यह साबित करना चाहिए कि वह कलाकार अकेला नहीं है.

दान नहीं, सम्मान है यह राशि

सोनू ने स्पष्ट किया कि वह जो साइनिंग फीस राजपाल को दे रहे हैं, वह कोई दान या चैरिटी नहीं है. यह राजपाल यादव की मेहनत और उनकी कला का सम्मान है. उन्होंने कहा कि कभी-कभी वक्त की मार की वजह से इंसान पिछड़ जाता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसकी प्रतिभा खत्म हो गई है. यह छोटी सी मदद उनकी गरिमा को बनाए रखने का एक प्रयास है.

राजपाल यादव को क्यों जेल जाना पड़ा ?

राजपाल यादव का यह विवाद साल 2010 से जुड़ा है. उन्होंने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए एक प्राइवेट कंपनी से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म फ्लॉप हो गई और राजपाल कर्ज नहीं चुका पाए. कोर्ट में मामला चलने के दौरान उनके चेक बाउंस हो गए. कई बार राहत मिलने के बावजूद जब वह बकाया रकम जमा नहीं कर सके, तो कोर्ट ने उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया.

सरेंडर से पहले छलका राजपाल का दर्द

जेल जाने से ठीक पहले राजपाल यादव काफी भावुक नजर आए. उन्होंने अपना दुख साझा करते हुए कहा था कि अब उनके पास कोई उपाय नहीं बचा है. उन्होंने यह भी कहा कि न उनके पास पैसे बचे हैं और न ही कोई दोस्त मदद के लिए आगे आ रहा है. हालांकि, अब सोनू सूद के इस कदम ने राजपाल और उनके चाहने वालों के बीच एक नई उम्मीद जगा दी है.

First published on: Feb 10, 2026 01:20 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.