Salman Khan Maatrubhumi: बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान (Salman Khan) ने अपनी आने वाली वॉर-बेस्ड फिल्म ‘मातृभूमि’ (Maatrubhumi) के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर एक ऐसा धमाका किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. 4 दिसंबर को रिलीज हो रही इस फिल्म के लिए भाईजान ने बुजुर्गों को एक बड़ा तोहफा देते हुए ऐलान किया कि 75 साल या उससे अधिक उम्र के लोग उनकी फिल्म का टिकट सिर्फ 11 रुपये में खरीद सकेंगे. इसके साथ ही सलमान ने फिल्म की स्क्रिप्ट, देरी और वीएफएक्स से जुड़े कई बड़े खुलासे भी किए.
75 साल से ऊपर के बुजुर्गों के लिए सिर्फ 11 रुपये का टिकट
ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान खान ने देश के बुजुर्गों के लिए एक बेहद खास और दिल जीतने वाला ऐलान किया. उन्होंने कहा कि जिन भी लोगों की उम्र 75 साल या उससे अधिक होगी, वे ‘मातृभूमि’ फिल्म का टिकट महज 11 रुपये में प्राप्त कर सकेंगे. सलमान ने कहा, “हमने 75 के ऊपर के लोगों का टिकट 11 रुपये रखा है.” उनका यह कदम सीनियर सिटिजन्स को सिनेमाघरों तक लाने की एक अनोखी पहल मानी जा रही है.
सरकार के दबाव और स्क्रिप्ट में बदलाव पर दी सफाई
फिल्म को लेकर लगातार उड़ रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए सलमान खान ने साफ किया कि सरकार की तरफ से स्क्रिप्ट बदलने का कोई दबाव नहीं था. उन्होंने इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि फिल्म भारतीय सेना के जवानों और उनके परिवारों के त्याग और संघर्ष को दर्शाती है. इसमें कोई नेगेटिव फोर्स नहीं है, बल्कि सिर्फ परिस्थितियां हैं जहां जवान हमेशा देश को प्राथमिकता देते हैं.
VFX के कारण हुई देरी, 4 दिसंबर को होगी रिलीज
फिल्म की रिलीज में हुई देरी का कारण बताते हुए सलमान ने अपने ट्रेडमार्क अंदाज में कहा कि इस बार लेट वह नहीं, बल्कि फिल्म का वीएफएक्स (VFX) है. मेकर्स अभी भी कुछ विजुअल इफेक्ट्स पर काम कर रहे हैं, जिसके चलते सोशल मीडिया पर ट्रेलर आने में कुछ दिनों का वक्त लगेगा. हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया कि फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
चित्रांगदा सिंह संग जोड़ी और अपूर्व लाखिया का निर्देशन
फिल्म ‘मातृभूमि’ में सलमान खान के साथ पहली बार एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी. देशभक्ति, एक्शन और इमोशन से भरपूर इस वॉर-ड्रामा फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है, जबकि इसका म्यूजिक हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है.
बॉक्स ऑफिस पर श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ से होगा कड़ा मुकाबला
4 दिसंबर को सिनेमाघरों में सलमान खान की ‘मातृभूमि’ का मुकाबला श्रद्धा कपूर की मच-अवेटेड फिल्म ‘ईठा’ से होने जा रहा है. श्रद्धा की फिल्म को लेकर पहले से ही सोशल मीडिया पर काफी तगड़ा बज बना हुआ है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि 11 रुपये वाले इस स्पेशल ऑफर और अपने स्टारडम के दम पर सलमान बॉक्स ऑफिस पर क्या नया कमाल दिखाते हैं.