Dhurandhar 2 First Review: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म रिलीज के बाद करीब दो महीने तक सिनेमाघरों में देखी गई. फिल्म का लोगों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिला और लोगों ने इसे खूब पसंद किया है. इस मूवी ने सिनेमाघरों में दुनिया भर में 1300 करोड़ का कलेक्शन किया. इस मूवी का दूसरा पार्ट 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है. मेकर्स ने धुरंधर द रिवेंज की एक झलक भी फैंस को दिखा दी है, जिसने लोगों के बीच एक्साइटमेंट बढ़ा दी है. वहीं, फिल्म के रिलीज से पहले हाल ही में अनुपमा फेम रूपाली गांगुली ने इसका फर्स्ट रिव्यू किया है. उन्होंने यह फिल्म देख ली है और बताया है कि वह उन्हें कैसी लगी है. चलिए जानते हैं.
रूपाली गांगुली ने देख ली धुरंधर 2!
दरअसल, हाल ही में एनडीटीवी से खास बातचीत करते हुए रूपाली गांगुली ने धुरंधर 2 को लेकर बात की. उन्होंने कहा, “मैंने धुरंधर को थिएटर में दो बार देखा. क्या फिल्म है और मैं दूसरे पार्ट के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही हूं. कल ही मैंने इस फिल्म के कुछ हिस्से देख लिए हैं. विजय फिल्म के कुछ पार्ट को एडिट कर रहा था और हम वीडियो कॉल पर थे. तब वो बोल रहा था कि ये शॉट देख, वो शॉट देख. अरे सच में क्या शॉट थे वो.. मैंने कहा था कि रिवाइंड करके एक बार फिर से दिखा दे. हर एक फ्रेम कमाल का लगा मुझे.
रूपाली के भाई विजय कर रहे धुरंधर 2 पर काम
रूपाली ने आगे ये भी बताया कि फिल्म धुरंधर का शरारत गाना भी वह पहले एडिट के दौरान देख चुकी थीं. बता दें कि रूपाली गांगुली के भाई विजय गांगुली ने धुरंधर के हिट गाने शरारत को कोरियोग्राफ किया है. जो कि सोशल मीडिया पर खूब पॉपुलर रहा है. विजय ने शरारत गाने को लेकर कहा था कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह इतना बड़ा हिट हो जाएगा. विजय अभी भी इस फिल्म पर काम कर रहे हैं और इसी के जरिए रूपाली धुरंधर 2 की कुछ झलकियां देख पाई हैं.
फिल्म के दूसरे पार्ट में नजर आएंगे ये एक्टर्स
धुरंधर 2 को लेकर बात करें तो इस फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में नजर आएंगे. फिल्म में वह एक बार फिर से हमजा के किरदार से वापसी करेंगे. इस मूवी में आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन जैसे एक्टर्स नजर आएंगे. वहीं, अक्षय खन्ना धुरंधर के पहले पार्ट में दिखे थे और दूसरे पार्ट में वह कुछ फ्लैशबैक सींस में नजर आ सकते हैं. यह मूवी 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. जिसकी रिलीज का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है. बता दें कि फिल्म का पहला पार्ट हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ है और इसे भी लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.