Ali Fazal Fans Tattoo Guddu Pandit Face: बॉलीवुड एक्टर अली फजल इन दिनों अपनी फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की बॉक्स ऑफिस सफलता का आनंद ले रहे हैं. पंकज त्रिपाठी, अली फजल और रवि किशन की फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ इन दिनों सिनेमाघरों में छाई हुई है. फिल्म का कारोबार भारत और वर्ल्डवाइड दोनों ही जगह जबरदस्त तरीके से चल रहा है. वहीं, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के रिलीज होने के बाद एक बार फिर गुड्डू पंडित की वजह से अली फजल को लेकर फैंस की दीवानगी बढ़ गई है. आलम तो ये है कि फैंस गुड्डू पंडित के चेहरे और नाम का अपने शरीर पर टैटू बनवा रहे हैं. चलिए आपको पूरा माजरा विस्तार से समझाते हैं.
फैंस ने पार की दीवानगी की हद
पिछले हफ्ते सिनेमाघरों में फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ रिलीज होने के बाद फैंस के बीच गुड्डू पंडित उर्फ अली फजल की फैन फॉलोइंग बहुत ज्यादा बढ़ गई है. कई फैंस ने अपने हाथों पर गुड्डू पंडित के नाम का टैटू बनवाया है. वहीं, एक फैन तो ऐसा है, जिसने अली फजल का चेहरा ही अपने हाथ पर गुदवा लिया है. देश के कई हिस्सों से फैंस के टैटू बनवाने की वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.

इमोशनल हुए अली फजल
जब अली फजल ने फैंस की दीवानगी की तस्वीरें देखीं तो बेहद खुश हुए. उन्होंने कहा, ‘सच कहूं तो, गुड्डू भैया को मिल रहे प्यार से मैं बेहद भावुक और अभिभूत हूं. पिछले कुछ सालों में फैंस की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है. अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के सिनेमाघरों में आने के बाद फैंस की ये संख्या और भी ज्यादा बढ़ गई है. उसे देखकर बहुत अच्छा लग रहा है. लोगों ने गुड्डू से इस तरह जुड़ाव महसूस किया है, जिसके बारे में मैंने कभी सोचा भी नहीं था. फैंस का अपने लिए इस प्यार को टैटू बनवाने की हद तक ले जाते देखना वाकई बहुत ही अच्छा है.’

‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कास्ट
बता दें कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ प्राइम वीडियो की हिट गैंगस्टर एक्शन-ड्रामा सीरीज ‘मिर्जापुर’ की कहानी को आगे बढ़ाती है, जो 2019 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और रवि किशन के अलावा दिव्येंदु, श्वेता त्रिपाठी और जितेंद्र कुमार भी अहम किरदारों में हैं. फिल्म भारत में 150 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच गई है.