---विज्ञापन---
Rajpal Yadav ही नहीं, कर्ज के कारण ये बॉलीवुड एक्टर्स भी हो चुके हैं तबाह, पाई-पाई को हो गए थे मोहताज

राजपाल यादव इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं. एक्टर 9 करोड़ के चेक बाउंस मामले में 10 दिन से ज्यादा तिहाड़ जेल में बंद रहे हैं. हालांकि 17 फरवरी को उन्हें जेल से अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया गया था. उन्हें अपनी भांजी की शादी अटेंड करने के लिए रिहा किया गया है और 18 मार्च को फिर से इस मामले में सुनवाई होगी. हालांकि सिर्फ राजपाल यादव ही अकेले ऐसे एक्टर नहीं है, जिन्होंने कर्ज के कारण मुश्किलों का सामना किया है. बॉलीवुड में भी तमाम ऐसे कलाकार हैं, जिनका कर्ज के कारण करियर बर्बाद हुआ है. कुछ एक्टर्स ही सिर्फ इससे उभर पाए और कुछ आज इस कर्ज के कारण तबाह हो चुके हैं. चलिए जानते हैं.

अमिताभ बच्चन: लिस्ट में पहला नाम बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन का नाम शामिल है. 1990 के दशक में उनकी कंपनी ABCL के ठप होने के बाद एक्टर पर 90 करोड़ रुपये का कर्ज हो गया था, जिसके कारण उनका घर भी बिकने की कगार पर पहुंच गया था. उस दौरान उनके पास कोई काम नहीं था और न ही फिल्में थी. एक्टर ने खुद बताया था कि लेनदार उनके घर के दरवाजे पर आकर चिल्लाया करते थे. हालांकि फिल्म मोहब्बतें और टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति के कारण उनकी तकदीर बदली और वह इस कर्ज से बाहर आ पाए. आज भी अमिताभ कौन बनेगा करोड़पति शो को होस्ट कर रहे हैं.

सनी देओल: एक्टर सनी देओल पर भी एक वक्त पर करोड़ों का कर्ज था. सनी देओल पर 55.99 करोड़ रुपये से ज्यादा कर्ज था और इस कर्ज को चुकाने के लिए उनके पास एक बंगले की नीलामी का भी नोटिस आया था. हालांकि उसी बीच उनकी गदर 2 फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफल रही थी. जिसके बाद एक्टर ने बैंक के साथ अपने लोन को निपटाने के लिए बातचीत की और फिर उनके बंगले की नीलामी रूक गई थी. इसके बाद एक्टर ने फिल्म की सफलता से अपना कर्ज चुकाया.

गोविंदा: गोविंदा बॉलीवुड के एक ऐसे एक्टर थे, जिनके पास एक वक्त पर तमाम फिल्में हुआ करती थीं. वह साल में 15 से 20 फिल्में किया करते थे. हालांकि जब उनका करियर ढलने लगा तब आर्थिक स्थिति भी बिगड़ी और वह कर्ज में डूब गए. एक्टर पर करोड़ों का कर्ज था, जिसके कारण उन्होंने अपना घर भी गिरवी रख दिया था. हालांकि सलमान खान ने उन्हें मुश्किल से बाहर निकाला और पार्टनर फिल्म में काम किया. जिससे चीजें स्थिर हुईं. लेकिन अभी भी वह खाली बैठे हैं और उनके पास किसी भी तरह की फिल्म नहीं है.

मिथुन चक्रवर्ती: मिथुन चक्रवर्ती बॉलीवुड का बड़ा नाम है. उन्होंने इंडस्ट्री में तमाम फिल्में की है. वह अपने शानदार डांस और एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं. हालांकि होटल बिजनेस में भारी नुकसान होने के बाद उनपर 10-12 करोड़ का कर्ज हो गया था. हालांकि फिल्मों में वापसी और एडवर्टाइजमेंट से उन्होंने अपना कर्ज चुकाया. इसके अलावा उन्होंने 400 करोड़ की संपत्ति भी खड़ी की.

अनुपम खेर: आखिरी नाम एक्टर अनुपम खेर का है. दिग्गज एक्टर अनुपम खेर भी कर्ज की मुश्किलों का सामना कर चुके हैं. वह प्रोडक्शन के काम में बुरी तरह से असफल रहे थे और करोड़ों का कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने 12 स्टूडेंट्स के साथ अपने एक्टिंग स्कूल की शुरुआत की. जो कि आज दुनिया भर में फेमस है. वह कर्ज से भी मुक्त हो गए और आज वह आर्थिक रूप से मजबूत हैं.