---विज्ञापन---
‘धुरंधर’ को फिल्म नहीं, 9 एपिसोड की सीरीज बनाना चाहते थे मेकर्स? Netflix पर रिलीज करने का था इरादा

बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने वाली रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. आज भले ही दुनिया इसकी सफलता के गुण गा रही है, लेकिन एक समय ऐसा था जब मेकर्स इसे सिनेमाघरों में रिलीज करने से डर रहे थे. आइए जानते हैं कैसे एक वेब सीरीज बनने वाली कहानी बॉलीवुड की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म बन गई.

पहले 9 एपिसोड की वेब सीरीज का था प्लान- M9 न्यूज के अनुसार, 'धुरंधर' को शुरुआत में एक फिल्म नहीं, बल्कि 9 एपिसोड की नेटफ्लिक्स सीरीज के रूप में प्लान किया गया था. मेकर्स 'सेक्रेड गेम्स' जैसा थ्रिलर धमाका डिजिटल प्लेटफॉर्म पर करना चाहते थे और कहानी के 45-45 मिनट के एपिसोड भी लगभग तय थे.

रणवीर के गिरते करियर की वजह से हिचकिचा रहे थे मेकर्स- प्रोजेक्ट को थिएटर में न लाने की एक बड़ी वजह रणवीर सिंह की पिछली फिल्मों का खराब प्रदर्शन था. जियो स्टूडियो और प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे इस बड़े बजट का जोखिम उठाने के लिए तैयार नहीं थे. उनका प्लान था कि इसे सीरीज बनाकर नेटफ्लिक्स को बेच दिया जाए, ताकि बजट की सुरक्षित वसूली हो सके.

रणवीर सिंह की जिद और बिना फीस के काम- यह रणवीर सिंह ही थे जिन्होंने जिद की कि इस कहानी को बड़े पर्दे पर ही लाया जाना चाहिए. अपनी बात मनवाने के लिए उन्होंने एक बड़ा रिस्क लिया—उन्होंने फिल्म के लिए बेहद कम फीस ली और प्रॉफिट शेयरिंग (मुनाफे में हिस्सा) से भी मना कर दिया. उनके इसी भरोसे ने 'धुरंधर' को ओटीटी से उठाकर थिएटर तक पहुंचाया.

पहले पार्ट की सफलता और दूसरे पार्ट की तैयारी- पहले कहानी सीरीज के लिए लिखी गई थी, इसलिए आधी कहानी को 'धुरंधर 2' के लिए बचा लिया गया. पहले पार्ट की बंपर सफलता के बाद, मेकर्स ने दूसरे पार्ट में कुछ नए धमाकेदार सीन्स और गाने भी जोड़े हैं ताकि दर्शकों का रोमांच दोगुना हो सके.

बॉक्स ऑफिस का महाक्लैश: 'धुरंधर 2' बनाम 'टॉक्सिक'- 'धुरंधर 2' अब 19 मार्च 2026 को रिलीज होने जा रही है. इसी दिन साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक' भी आ रही है. जानकारों का मानना है कि इस क्लैश में 600 करोड़ के बजट वाली 'टॉक्सिक' को उत्तर भारत में स्क्रीन्स की कमी के कारण भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है, क्योंकि 'धुरंधर' का क्रेज सातवें आसमान पर है.