---विज्ञापन---

‘वाका-वाका’ सिंगर Shakira के लाइव परफॉर्मेंस से पहले हुआ बड़ा हादसा, स्टेज सेटअप के दौरान एक शख्स की मौत; छाया मातम

मशहूर पॉप स्टार शकीरा के चाहने वालों के लिए एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. ब्राजील में उनके आगामी कॉन्सर्ट की तैयारियों के दौरान एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें स्टेज सेटअप कर रहे एक क्रू मेंबर की मौत हो गई है. यह घटना रविवार, 26 अप्रैल को हुई, जब भारी-भरकम स्टेज तैयार किया जा रहा था. इस हादसे ने मनोरंजन जगत को स्तब्ध कर दिया है और इवेंट मैनेजमेंट में सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

स्टेज सेटअप के दौरान हुआ हादसा

यह दर्दनाक वाकया रविवार (26 अप्रैल) को ब्राजील में हुआ. शकीरा के शो के लिए भव्य स्टेज और भारी स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था. इसी दौरान एक कर्मचारी ‘लिफ्टिंग सिस्टम’ (भारी सामान उठाने वाली मशीन) ऑपरेट कर रहा था, तभी वह उसकी चपेट में आ गया. मशीन की भारी चपेट से उसका निचला हिस्सा बुरी तरह कुचल गया.

---Advertisement---

अस्पताल में हुई मौत

मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने तुरंत उसे मशीन से बाहर निकाला और इमरजेंसी टीम को बुलाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे फायर ब्रिगेड की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया.

सुरक्षा मानकों पर सवाल

इतने बड़े स्तर पर होने वाले म्यूजिक कॉन्सर्ट्स में समय की पाबंदी और भारी मशीनों का बहुत अधिक इस्तेमाल होता है. इस हादसे ने एक बार फिर बैकस्टेज काम करने वाले उन गुमनाम वर्कर्स की सुरक्षा और ‘सेफ्टी प्रोटोकॉल’ पर गंभीर सवाल उठा दिए हैं, जो कलाकारों के लिए मंच तैयार करते हैं.

---Advertisement---

मामले की हो रही जांच

फिलहाल आयोजकों ने बयान जारी कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है. इस पूरे मामले की जांच जारी है कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी (Machine failure) के कारण हुआ या फिर किसी मानवीय चूक (Human error) की वजह से.

भारत का दौरा भी टल चुका था

शकीरा के भारतीय फैंस के लिए भी यह समय काफी मायूसी भरा है. पहले के शेड्यूल के मुताबिक, शकीरा को 10 अप्रैल को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स और 15 अप्रैल को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में परफॉर्म करना था, लेकिन यह दौरा टल गया था.

First published on: Apr 28, 2026 08:46 AM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.