---विज्ञापन---
‘बूंग’ ने रचा इतिहास, BAFTA जीतकर दुनिया में गूंजा भारत का नाम; जानें क्या है फिल्म की कहानी?

Bafta Awards 2026: भारतीय सिनेमा के लिए ये पल बेहद खास है. मणिपुरी फिल्म 'बूंग' ने इंटरनेशनल मंच पर इतिहास रचते हुए BAFTA अवॉर्ड अपने नाम किया है. 79वें बाफ्टा अवॉर्ड्स में फिल्म को चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में बेस्ट फिल्म का सम्मान मिला. ये पहली बार है, जब किसी भारतीय फिल्म ने इस कैटेगरी में बाफ्टा ट्रॉफी जीती हो.

फिल्म की कहानी मणिपुर की खूबसूरत घाटियों में रहने वाले एक मासूम बच्चे बूंग (गुगुन किपगेन) के इर्द-गिर्द घूमती है. बूंग अपनी मां के साथ रहता है, जो सालों से अकेली जिंदगी जी रही है. मां की उदासी को दूर करने और उसे खुश देखने के लिए बूंग एक अनोखा सपना देखता है, और वो होता है, अपने पिता को वापस लाना...

इसी सपने को सच करने के लिए वो अपने दोस्त के साथ पिता की तलाश में निकल पड़ता है. ये सफर आसान नहीं होता. रास्ते में बूंग को कई मुश्किलों और इमोशनल चैलेंजेस का सामना करना पड़ता है, लेकिन मां के लिए उसका प्यार उसे हर हाल में आगे बढ़ने की ताकत देता है.

फिल्म मासूमियत, रिश्तों और उम्मीद की एक बेहद सच्ची और भावुक कहानी बयां करती है, जो बच्चों के साथ-साथ बड़ों के दिल को भी छू जाती है. फिल्म में गुगुन किपगेन के साथ बाला हिजाम, नेमेतिया नगंगबाम, जेनी खुरई, हामोम सदानंद, विक्रम कोचर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं.

फिल्म की खास बात ये है, कि इसमें बाल कलाकारों की एक्टिंग बेहद नेचुरल दिखती है. कई सीन्स ऐसे हैं, जो दर्शकों की आंखें नम कर देते हैं. 'बूंग' को बॉलीवुड एक्टर और डायरेक्टर फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है. उनके सपोर्ट से इस फिल्म को इंटरनेशनल पहचान मिली.

फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर 2024 में Toronto International Film Festival में हुआ था, जहां इसे स्टैंडिंग ओवेशन मिला था. भारत में ये फिल्म सितंबर 2025 में रिलीज हुई थी. बता दें, फिल्म का डायरेक्शन लक्ष्मीप्रिया देवी ने किया है. फरहान अख्तर के साथ विकेश भूटानी, रितेश सिधवानी, एलन मैकएलेक्स और शुजात सौदागर को-प्रोड्यूसर हैं.

बहरहाल, 'बूंग' सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की एक बड़ी जीत है, जिसने दुनिया को ये दिखा दिया, कि छोटे बजट और सादगी से कही गई कहानियां भी वैश्विक मंच पर बड़ा कमाल कर सकती हैं.