---विज्ञापन---
बिना चीन-गल्फ रिलीज ‘धुरंधर 2’ का धमाका! विदेशों में ऐसे टूट रहे कमाई के रिकॉर्ड

11 दिन में 1365 करोड़, बॉक्स ऑफिस पर सुनामी- रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर तूफान बनी हुई है. सिर्फ 11 दिनों में 1365 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर ये बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल हो चुकी है. खास बात ये है, कि वीकडेज में भी फिल्म की कमाई धीमी नहीं पड़ी, जिससे साफ है, कि इसका क्रेज अभी खत्म होने वाला नहीं.

चीन और गल्फ के बिना भी रिकॉर्ड पर निशाना- आम तौर पर भारतीय फिल्मों की बड़ी कमाई में चीन और गल्फ देशों का बड़ा रोल होता है. आमिर खान की 'दंगल' और शाहरुख खान की 'पठान' इसका बड़ा उदाहरण हैं, लेकिन 'धुरंधर 2' इन दोनों बड़े मार्केट्स में रिलीज नहीं हुई, फिर भी ये रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है. यही इसकी सबसे दिलचस्प बात है.

ओवरसीज में टॉप फिल्मों को दे रही टक्कर- बिना चीन और गल्फ के भी 'धुरंधर 2' ओवरसीज कमाई में टॉप 5 फिल्मों में पहुंच चुकी है. अगर गल्फ की कमाई को हटा दें, तो ये 'बाहुबली 2' और 'पठान' जैसी फिल्मों के बेहद करीब पहुंच गई है. यानी जहां रिलीज हुई है, वहां फिल्म ने पूरी ताकत से प्रदर्शन किया है.

अमेरिका-यूके में सबसे बड़ा जलवा- नॉर्थ अमेरिका में 'धुरंधर 2' ने महज 9 दिनों में 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड तोड़ दिया. वहां फिल्म करीब 23 मिलियन डॉलर कमा चुकी है. दिलचस्प बात ये है, कि टिकट प्राइस ज्यादा नहीं रखे गए, फिर भी भारी भीड़ के कारण कमाई बढ़ी. यूके में भी फिल्म ने 10 दिनों में 3.21 मिलियन पाउंड का बिजनेस किया और 'पठान' के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गई है.

ऑस्ट्रेलिया से जर्मनी तक धमाल- ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और जर्मनी जैसे देशों में भी फिल्म जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है. ऑस्ट्रेलिया में ये 6 मिलियन डॉलर से ज्यादा कमा चुकी है, जबकि जर्मनी में भी ये सबसे बड़ी भारतीय फिल्म बन गई है. हांगकांग और सिंगापुर में भी फिल्म रिकॉर्ड्स के पीछे दौड़ रही है.

दमदार कंटेंट बना सबसे बड़ी ताकत-'धुरंधर 2' की सफलता साबित करती है, कि अगर कहानी और प्रेजेंटेशन दमदार हो, तो फिल्म बिना बड़े इंटरनेशनल मार्केट्स के भी कमाल कर सकती है. अब नजर इस बात पर है, कि क्या ये फिल्म 'दंगल' का 2000 करोड़ का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी या नहीं.