---विज्ञापन---

यश के गढ़ में ‘धुरंधर 2’ का धमाका! कर्नाटक में ठोकी सेंचुरी, ऐसा करने वाली बनी इकलौती नॉन-साउथ फिल्म

रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार धमाल मचा रही है, लेकिन सबसे बड़ा सरप्राइज कर्नाटक से आया है. जहां इसे सुपरस्टार यश का गढ़ माना जाता है. यहां फिल्म ने सिर्फ 11 दिनों में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर इतिहास रच दिया है.

दिलचस्प बात ये है, कि 'धुरंधर 2' पहली ऐसी बॉलीवुड फिल्म बन गई है, जिसने कर्नाटक में 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया है. इससे पहले 'बाहुबली 2' और 'पुष्पा 2' ने यहां सेंचुरी लगाई थी, लेकिन ये दोनों साउथ की फिल्में थीं. ऐसे में 'धुरंधर 2' का ये रिकॉर्ड और भी खास बन जाता है.

फिल्म की इस कामयाबी ने उस क्लैश की याद भी ताजा कर दी है, जो यश की फिल्म 'टॉक्सिक' के साथ होने वाला था. दोनों फिल्मों की रिलीज डेट को लेकर काफी चर्चा थी, लेकिन आखिरकार 'टॉक्सिक' ने अपनी डेट बदल ली. अब ट्रेड एक्सपर्ट्स मान रहे हैं, कि ये फैसला सही था, क्योंकि 'धुरंधर 2' की रफ्तार को देखते हुए क्लैश में दूसरी फिल्म को भारी नुकसान हो सकता था.

कर्नाटक में फिल्म की जबरदस्त कमाई का एक और दिलचस्प पहलू ये है, कि यहां दर्शक इसे हिंदी में ही ज्यादा देख रहे हैं. फिल्म का कन्नड़ डब वर्जन देर से रिलीज हुआ, और उसका कलेक्शन काफी कम रहा. करीब 5-6 करोड़ रुपये. यानी कुल 100+ करोड़ की कमाई में लगभग पूरा योगदान हिंदी वर्जन का ही है.

बेंगलुरु में तो हालात ऐसे हैं, कि रिलीज के दूसरे सोमवार को भी प्रीमियम थिएटर्स 'फास्ट-फिलिंग' मोड में चल रहे हैं. इससे साफ है, कि फिल्म का क्रेज अभी भी बरकरार है. अब 'धुरंधर 2' की नजर अगले बड़े रिकॉर्ड पर है.

कर्नाटक में 'पुष्पा 2' का 104 करोड़ का आंकड़ा जल्द ही पीछे छूटने वाला है, और 'बाहुबली 2' के 130 करोड़ के रिकॉर्ड पर भी खतरा मंडरा रहा है. अगर यही रफ्तार बनी रही, तो आने वाले दिनों में 'धुरंधर 2' कर्नाटक की सबसे बड़ी नॉन-कन्नड़ फिल्म बन सकती है.

बहरहाल, 'धुरंधर 2' ने साबित कर दिया है, कि अच्छी कहानी और स्टार पावर भाषा की सीमाओं से परे होती है, और दर्शक इसे दिल खोलकर अपनाते हैं. जिसका सीधा उदाहरण आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2'ने दिखाया है.

First published on: Mar 30, 2026 07:09 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.