---विज्ञापन---
बॉलीवुड का वो एक्टर, जिसने 16 साल के करियर में दी सिर्फ 4 फ्लॉप फिल्में; ऐसे बना सबसे महंगा सुपरस्टार
बॉलीवुड का एक ऐसा अभिनेता जिसने नब्बे के दशक के बाद सिनेमा की दुनिया में कदम रखा और अपनी बेमिसाल एनर्जी व एक्टिंग के दम पर हर किसी को अपना दीवाना बना लिया. करियर की शुरुआत में कुछ लोगों ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन अपनी कड़ी मेहनत और जबरदस्त डेडिकेशन से उन्होंने इंडस्ट्री के बड़े-बड़े दिग्गजों की छुट्टी कर दी. डेढ़ दशक लंबे करियर में जहां कई स्टार्स का ग्राफ नीचे गिरता है, वहीं इस धुरंधर अभिनेता ने एक के बाद एक कई ब्लॉकबस्टर फिल्में देकर खुद को इंडस्ट्री का सबसे महंगा सुपरस्टार बना लिया है.
'बैंड बाजा बारात' से हुई थी करियर की शुरुआत
रणवीर सिंह (Ranveer Singh) ने साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म बैंड बाजा बारात (Band Baaja Baaraat) से एक देसी रोमांटिक हीरो के रूप में अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एवरेज रही थी. इसके बाद उनकी फिल्म लेडीज वर्सेज रिकी बहल (Ladies Vs Ricky Bahl) आई, जिसे ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिला. हालांकि उनकी तीसरी फिल्म लुटेरा (Lootera) बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई थी, लेकिन इस फिल्म में रणवीर सिंह के संजीदा अभिनय की समीक्षकों ने जमकर तारीफ की थी.
भंसाली और दीपिका संग तिगड़ी ने बदली किस्मत
रणवीर सिंह के करियर का असली टर्निंग पॉइंट तब आया जब उन्हें दिग्गज डायरेक्टर संजय लीला भंसाली और एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण का साथ मिला. इस तिगड़ी की पहली फिल्म 'गोलियों की रासलीला राम लीला' (Goliyon Ki Raasleela Ram Leela) ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करके रणवीर को पहली बड़ी हिट दिलाई. इसके बाद 'बाजीराव मस्तानी' (Bajirao Mastani) ने 361 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया और 'पद्मावत' (Padmaavat) में अलाउद्दीन खिलजी के रोल में रणवीर ने 568 करोड़ रुपये की बंपर कमाई के साथ पहली ब्लॉकबस्टर दर्ज की.
कोरोना काल में पटरी से उतरी थी गाड़ी
'पद्मावत' (Padmaavat) की ऐतिहासिक सफलता के बाद रणवीर सिंह ने 'सिंबा' (Simmba) और 'गली बॉय' (Gully Boy) जैसी लगातार शानदार फिल्में दीं. हालांकि इसके बाद कोरोना महामारी के दौर के आस-पास रिलीज हुई उनकी कुछ फिल्में जैसे जयेशभाई जोरदार (Jayeshbhai Jordaar), 83 और सर्कस (Cirkus) बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि उस दौर में लोगों का सिनेमाघरों में न जाना इन फिल्मों के न चलने की मुख्य वजह थी, जिसके चलते रणवीर बैकफुट पर आ गए थे.
धुरंधर फ्रेंचाइजी ने बनाया इंटरनेशनल सुपरस्टार
रणवीर सिंह ने इसके बाद रॉकी और रानी की प्रेम कहानी (Rocky Aur Rani Kii Prem Kahaani) से शानदार वापसी की, लेकिन उनके करियर का सबसे बड़ा धमाका निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' (Dhurandhar) से हुआ. इस फिल्म और इसके दूसरे पार्ट 'धुरंधर 2' (Dhurandhar 2) ने बॉक्स ऑफिस के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. फिल्म के पहले पार्ट ने जहां 1400 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए, वहीं दूसरे पार्ट ने 1800 करोड़ रुपये से अधिक का बिजनेस किया. हमजा अली मजारी के रोल में रणवीर सिंह रातों-रात एक ग्लोबल स्टार बन गए.
16 साल के लंबे सफर में सिर्फ 4 फ्लॉप फिल्में
अपने 16 साल के लंबे फिल्मी करियर में रणवीर सिंह ने काम की निरंतरता को बनाए रखते हुए बेहद कैलकुलेटेड तरीके से फिल्में चुनी हैं. वह साल में केवल एक या दो बड़ी फिल्में करना ही पसंद करते हैं. इतने सालों में उनके खाते में 5 से ज्यादा ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्में आई हैं, जबकि फ्लॉप फिल्मों की संख्या महज 4 है. यही वजह है कि आज के दौर में वह फिल्म डायरेक्टर्स की पहली पसंद और फिल्म इंडस्ट्री के सबसे महंगे व डिमांडिंग सुपरस्टार्स की लिस्ट में टॉप पर बने हुए हैं.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.