---विज्ञापन---
गोद लिए जाने का सच जानकर बिखर गया था इस सुपरस्टार का बचपन, लगा था गहरा सदमा
हिंदी सिनेमा के एक्टर और एक्ट्रेस अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं. फिल्म इंडस्ट्री के कलाकार अपने काम के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहते हैं. आज हम आपको एक ऐसे एक्टर के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अपनी फिल्मों के अलावा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी सुर्खियों में रहे. इतना ही नहीं, उन्हें गोद लिया गया था और जब उन्हें इस बात का पता चला, तो उनका दिल टूट गया. आइए जानते हैं उनसे जुड़ी यह कहानी.
राजेश खन्ना थे बॉलीवुड के बड़े स्टार
दरअसल, हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना की। राजेश खन्ना आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. दुनियाभर में उनके लाखों फैंस हैं और उन्होंने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है. इतना ही नहीं, एक दौर ऐसा भी था जब लड़कियां उनकी एक झलक पाने के लिए दीवानी रहती थीं. हाल ही में राजेश खन्ना को लेकर उनकी कथित गर्लफ्रेंड अनीता आडवाणी ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है.
टूट गया था राजेश खन्ना का दिल
राजेश खन्ना की कथित गर्लफ्रेंड अनीता आडवाणी ने 'मेरी सहेली' पॉडकास्ट में उनके बारे में बात की. उन्होंने दावा किया कि राजेश खन्ना ने अपनी निजी जिंदगी में कई भावनात्मक चोटें झेली थीं. अनीता ने बताया कि जब राजेश खन्ना को पता चला कि उन्हें गोद लिया गया है, तो उनका लोगों पर से भरोसा उठ गया था. इसके बाद उन्हें रिश्तों में भी धोखा मिला और दोस्तों से भी उन्हें निराशा हाथ लगी.
राजेश खन्ना को लिया गया था गोद
अनीता ने कहा, "लोग अक्सर मुझसे पूछते थे कि राजेश खन्ना का व्यवहार समय के साथ इतना क्यों बदल गया. उन्हें गोद लिया गया था. जब उन्हें इस बात का पता चला, तो यह उनके लिए बहुत बड़ा सदमा था. शायद उसी पल से उनके अंदर कई चीजें बदलने लगी थीं." उन्होंने यह भी बताया कि राजेश खन्ना का अपनी असली फैमिली से ज्यादा लगाव नहीं था। यहां तक कि एक बार जब उनकी बहन उनसे मिलने आईं, तो उन्होंने यह तक पूछ लिया था, "ये कौन है?"
राजेश को उनके चाचा ने लिया था गोद
राजेश खन्ना का असली नाम जतिन खन्ना था. उन्हें उनके छोटे चाचा चुन्नीलाल खन्ना और लीलावती खन्ना ने गोद लिया था. उनका जन्म 1942 में अमृतसर, पंजाब में हुआ था. उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1966 में रिलीज हुई फिल्म 'आखिरी खत' से की थी. हालांकि, 1969 में आई 'आराधना' ने उनकी किस्मत बदल दी और वह रातों-रात सुपरस्टार बन गए. इसके बाद उन्होंने लगातार 15 हिट फिल्में देकर इतिहास रच दिया.
अनीता और राजेश डेटिंग
अगर अनीता आडवाणी और राजेश खन्ना के रिश्ते की बात करें, तो कथित तौर पर दोनों लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करते रहे. इतना ही नहीं, अनीता ने दावा किया कि वे करीब एक दशक तक साथ रहे और निजी तौर पर शादी भी की थी. हालांकि, इस दावे का कोई कानूनी प्रमाण मौजूद नहीं है और राजेश खन्ना के परिवार ने भी इसे कभी स्वीकार नहीं किया. राजेश खन्ना ने आधिकारिक तौर पर 1973 में डिंपल कपाड़िया से शादी की थी. दोनों की दो बेटियां हैं. हालांकि, कुछ समय बाद उनके रिश्ते में दरार आ गई और दोनों अलग रहने लगे. बावजूद इसके, उन्होंने कभी आधिकारिक तौर पर तलाक नहीं लिया.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.