---विज्ञापन---
आलिया भट्ट की स्पाई थ्रिलर ‘Alpha’ के टीजर का इंतजार खत्म! रिलीज डेट को लेकर भी हुआ खुलासा
बॉलीवुड के सबसे बड़े 'स्पाई यूनिवर्स' की अगली धमाकेदार फिल्म को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है. 'पठान', 'टाइगर' और 'वॉर' जैसी ब्लॉकबस्टर जासूसी फिल्में देने वाले मेकर्स अब एक ऐसी फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसमें पहली बार महिला जासूसों का एक्शन अवतार देखने को मिलेगा. इस फिल्म के टीजर और नई रिलीज डेट को लेकर एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने सिनेमाप्रेमियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. आइए जानते हैं कि आखिर कब रिलीज होगा इस फिल्म का पहला लुक और क्या होगी इसकी कहानी?
इस दिन रिलीज होगा फिल्म का टीजर
मीडिया रिपोर्ट्स (पिंकविला) के मुताबिक फिल्म 'अल्फा' का धमाकेदार टीजर 10 जून 2026 को रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी इसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है, लेकिन माना जा रहा है कि 10 जून को फिल्म की पहली झलक फैंस के सामने आ जाएगी जिससे फिल्म के एक्शन और कहानी का अंदाजा लगेगा.
आलिया भट्ट के किरदार में बड़ा ट्विस्ट
फिल्म में आलिया भट्ट का रोल काफी अलग और सरप्राइजिंग होने वाला है. रिपोर्ट के अनुसार फिल्म के पहले हाफ (मध्यांतर से पहले) में आलिया एक साधारण लड़की के रूप में दिखेंगी और वह कोई स्पाई एजेंट नहीं होंगी. कहानी में असली मोड़ दूसरे हाफ में आएगा, जहां उनके किरदार में एक बड़ा फेरबदल देखने को मिलेगा और वह एक्शन मोड में नजर आएंगी.
शरवरी वाघ जासूस और बॉबी देओल विलेन
'अल्फा' की बाकी स्टारकास्ट की बात करें तो एक्ट्रेस शरवरी वाघ फिल्म में शुरुआत से ही एक खुफिया जासूस (सीक्रेट एजेंट) के मुख्य रोल में नजर आने वाली हैं. वहीं इन दोनों अभिनेत्रियों से टक्कर लेने के लिए बॉलीवुड के 'लॉर्ड' बॉबी देओल को एक बेहद खतरनाक और खूंखार खलनायक (विलेन) के रूप में कास्ट किया गया है, जो फिल्म का मुख्य आकर्षण होंगे.
अनिल कपूर के रोल पर सस्पेंस बरकरार
इस फिल्म में दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर भी एक बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. हालांकि मेकर्स ने उनके किरदार को लेकर अभी तक कोई भी जानकारी शेयर नहीं की है और उनका रोल पूरी तरह से सीक्रेट रखा गया है. उम्मीद है कि 10 जून को आने वाले टीजर में उनके किरदार से भी थोड़ा पर्दा उठ सकता है.
जुलाई में सिनेमाघरों में मचेगा तहलका
पहले इस फिल्म को अप्रैल के महीने में रिलीज किया जाना था, लेकिन बेहतर पोस्ट-प्रोडक्शन और वीएफएक्स के काम की वजह से मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया था. अब यह स्पाई थ्रिलर फिल्म अगले महीने यानी 10 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसे साल 2026 की सबसे बड़ी और मच-अवेटीड रिलीज माना जा रहा है.