---विज्ञापन---
OTT पर सबसे तगड़ी हैं ये 5 सस्पेंस थ्रिलर फिल्में, स्टोरी देख ‘महाराजा’ भी लगने लगेगी फीकी

अगर आपको 'दृश्यम' और 'महाराजा' जैसी फिल्मों ने हैरान किया है, तो सस्पेंस की दुनिया में अभी बहुत कुछ देखना बाकी है. कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिनका क्लाइमेक्स देखने के बाद दिमाग सुन्न हो जाता है और यकीन करना मुश्किल होता है कि कहानी इस मोड़ पर भी खत्म हो सकती है. सस्पेंस और थ्रिल से भरी ऐसी ही 5 बेहतरीन फिल्मों की लिस्ट हम आपके लिए लाए हैं.

तितली (Titli)- साल 2014 में आई यह फिल्म दिल्ली के एक खतरनाक 'कार जैकिंग' गैंग की काली दुनिया को दिखाती है. कहानी परिवार के सबसे छोटे सदस्य 'तितली' के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने हिंसक भाइयों और अपराध के दलदल से निकलकर एक नई जिंदगी शुरू करना चाहता है. यह फिल्म रिश्तों की कड़वाहट और क्राइम का ऐसा डार्क ड्रामा है, जो आपको अंदर तक झकझोर देगा.

इलेवन (Eleven)- साल 2025 में रिलीज हुई यह तमिल क्राइम थ्रिलर (हिंदी डब उपलब्ध) एक मंझे हुए पुलिस अधिकारी की कहानी है. वह जुड़वां बच्चों की हत्या की गुत्थी सुलझाने निकलता है, लेकिन जल्द ही वह मनोवैज्ञानिक खेल और हेरफेर के एक भयावह जाल में फंस जाता है. 7.4 IMDb रेटिंग वाली इस फिल्म को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.

कहानी (Kahaani)- विद्या बालन की यह फिल्म बॉलीवुड की बेहतरीन सस्पेंस फिल्मों में से एक है. कोलकाता की गलियों में अपने लापता पति को ढूंढती एक प्रेग्नेंट महिला की यह कहानी आपको अंत तक भ्रम में रखेगी. जब फिल्म का क्लाइमेक्स सामने आता है, तो दर्शक अपनी उंगलियां चबाने पर मजबूर हो जाते हैं. 8.1 IMDb रेटिंग वाली यह मास्टरपीस प्राइम वीडियो पर मौजूद है.

हसीन दिलरुबा (Haseen Dillruba)- तापसी पन्नू और विक्रांत मैसी की यह फिल्म प्यार, धोखा और कत्ल का एक अनोखा सस्पेंस है. फिल्म की पटकथा जिस तरह से बुनी गई है, वह काबिले तारीफ है. इसके दोनों पार्ट्स नेटफ्लिक्स (Netflix) पर उपलब्ध हैं. अगर आप 'मर्डर मिस्ट्री' के साथ थोड़ा डार्क रोमांस पसंद करते हैं, तो इसे मिस न करें.

जोसफ (Joseph)- यह मलयालम भाषा की एक जबरदस्त फिल्म है. कहानी एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी की है, जो अपनी जासूसी की पैनी नजर से रहस्यमयी मौतों का खुलासा करता है. लेकिन अपनी ही पूर्व पत्नी की मौत की जांच करते समय वह एक ऐसे मेडिकल माफिया के जाल तक पहुंचता है, जिसे देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं. 8 IMDb रेटिंग वाली यह फिल्म प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है.