---विज्ञापन---
Netflix पर मौजूद 5 तगड़ी सस्पेंस और मिस्ट्री थ्रिलर फिल्में, भूलकर भी न करें मिस

अगर आप ओटीटी पर सस्पेंस और थ्रिलर के शौकीन हैं, तो नेटफ्लिक्स पर ऐसी कई फिल्में मौजूद हैं जो आपकी धड़कनें तेज कर देंगी. इन फिल्मों में बॉलीवुड के बड़े सितारों ने अपनी बेहतरीन अदाकारी से रहस्यों की ऐसी परतें खोली हैं कि आप अंत तक अंदाजा नहीं लगा पाएंगे कि आगे क्या होने वाला है.

जिगरा (Jigra)- बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक, आलिया भट्ट की यह फिल्म सस्पेंस और इमोशन का बेहतरीन मेल है. कहानी एक बहन के संघर्ष और साहस की है जो अपने भाई को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है. फिल्म का हर मोड़ आपको कहानी से जोड़े रखता है.

सेक्टर 36 (Sector 36)- विक्रांत मैसी और दीपक डोबरियाल स्टारर यह फिल्म एक रोंगटे खड़े कर देने वाली क्राइम थ्रिलर है. सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह कहानी एक सीरियल किलर और एक पुलिस अधिकारी के बीच के टकराव को दिखाती है. विक्रांत मैसी के डार्क किरदार ने इस फिल्म को काफी सराहना दिलाई है.

सिकंदर का मुकद्दर (Sikandar Ka Muqaddar)- अगर आप कुछ 'जरा हटके' कहानी देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपके लिए परफेक्ट है. यह फिल्म एक चोरी और उसके बाद शुरू हुए चूहे-बिल्ली के खेल पर आधारित है. जिमी शेरगिल और अविनाश तिवारी की जुगलबंदी इस सस्पेंस ड्रामा को और भी मजेदार बना देती है.

दो पत्ती (Do Patti)- उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में सेट यह फिल्म काजोल और कृति सेनन जैसे सितारों से सजी है. यह कहानी दो जुड़वा बहनों के बीच की नफरत, होड़ और एक रहस्यमयी हादसे के इर्द-गिर्द घूमती है. जब पुलिस (काजोल) सच का पता लगाने निकलती है, तो सस्पेंस की ऐसी परतें खुलती हैं जो दर्शकों को चौंका देती हैं.

दृश्यम (Drishyam)- सस्पेंस की बात हो और अजय देवगन की 'दृश्यम' का नाम न आए, यह नामुमकिन है. हालांकि यह नेटफ्लिक्स के साथ-साथ प्राइम वीडियो पर भी काफी लोकप्रिय है. एक साधारण पिता अपनी बुद्धिमानी से कानून को कैसे चकमा देता है, यह देखना इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत है.