Armaan Malik Issued Summoned: फेमस यूट्यूबर अरमान मलिक और उनकी दोनों पत्नी पायल मलिक और कृतिका मलिक किसी न किसी कंट्रोवर्सी में फंसे ही रहते हैं। दो शादियों को लेकर यूट्यूबर को कई बार ट्रोल किया जा चुका है। अब यही वजह उनके लिए बड़ी मुसीबत बन गई है क्योंकि पटियाला जिला अदालत ने अरमान मलिक के खिलाफ समन जारी किया है। कानूनी पचड़े में फंसे यूट्यूबर को 2 सितंबर को कोर्ट में पेश होने का नोटिस जारी किया गया है।
अरमान मलिक के खिलाफ क्यों जारी हुआ समन?
लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, यूट्यूबर अरमान मलिक के खिलाफ समन दविंदर राजपूत नाम के व्यक्ति की ओर से दायर याचिका के जवाब में आया है। आरोप लगाया गया है कि यूट्यूबर अरमान मलिक ने एक नहीं बल्कि 4 शादियां की हैं। ऐसा करना हिन्दू विवाह अधिनियम का उल्लंघन करना है। दविंदर राजपूत की ओर से यह आरोप भी लगाया गया है कि अरमान मलिक और उनकी पत्नी पायल मलिक ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
यह भी पढ़ें: Payal Malik को धार्मिक गलती का अब तक पछतावा, ‘पश्चाताप’ करने पहुंची हरिद्वार
याचिकाकर्ता ने यूट्यूबर पर लगाए आरोप
याचिका में कहा गया है कि पायल मलिक ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने मां काली का रूप धारण किया है। इसे लेकर काफी विवाद हुआ था। याचिकाकर्ता का आरोप है कि इस हरकत से धार्मिक मान्यताओं को ठेस पहुंचाई गई है। ऐसा करना भारतीय कानून के तहत दंडनीय अपराध माना गया है।
पायल ने खुद को दी थी धार्मिक सजा
बता दें कि पायल मलिक के खिलाफ सोशल मीडिया पर काफी बवाल मचा था, जिसके बाद उन्होंने पति अरमान के साथ सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। यही नहीं उन्होंने पटियाला के काली माता मंदिर में जाकर माफी मांगी थी। इसके बाद मोहाली के खरड़ स्थित दूसरे काली मंदिर में कथित तौर पर 7 दिन के लिए सेवा की थी। इस धार्मिक सजा को लेने के अलावा पायल ने अनुष्ठान भी किए थे। फिलहाल पटियाला जिला अदालत ने अरमान मलिक से 2 सितंबर को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा है।