Dipika Kakar Emotional: पाॅपुलर टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इन दिनों काफी मुश्किल दौर से गुजर रही हैं. पिछले कुछ महीनों से दीपिका लीवर कैंसर स्टेज 2 जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं. वहीं हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने यूट्यूब व्लॉग के जरिए बताया कि जून 2025 में ट्यूमर रिमूवल सर्जरी और उसके बाद चले लंबे इलाज के बाद, अब वो एक नई परेशानी झेल रही हैं. सर्जरी के बाद उनकी हालत ने उन्हें मानसिक रूप से झकझोर दिया है.
दीपिका को दोबारा हुआ सिस्ट
हाल ही में दीपिका ने अपने नए यूट्यूब वीडियो में खुलासा किया कि कैंसर के इलाज के कुछ महीनों बाद उन्हें री-अकरेंस का सामना करना पड़ा है. सर्जरी के बाद एक्ट्रेस के शरीर में 1.3 सेंटीमीटर का एक छोटा सिस्ट दोबारा पाया गया है, जिसने उन्हें अंदर से झकझोर दिया है. इस खबर ने एक्ट्रेस को हिला दिया है. वीडियो में एक्ट्रेस ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो इस दोबारा हुई समस्या और सिस्ट की खबर ने मुझे हिला दिया है. मैं थोड़ी घबरा गई हूं कि आखिर ऐसा क्यों हुआ और आगे मेरे लिए क्या चुनौतियां आने वाली हैं.’
अपने वीडियो में दीपिका ने खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि महिलाओं का शरीर बेहद जटिल होता है और वे जितना खुद को समझती हैं, उससे कहीं ज्यादा मजबूत होती हैं. दीपिका ने वीडियो में बतलाया कि महिलाएं हर महीने होने वाले मेंस्टोरल साइकिल, हार्मोनल बदलाव, मूड स्विंग्स और बीमारियों के बावजूद अपने रोजाना के जीवन को इतनी सुचारू रूप से चलाती हैं कि वो वाकई काबिल-ए-तारीफ है.
रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ता है असर
एक्ट्रेस ने यह भी माना कि उनकी हेल्थ का असर उनकी रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ा है. दीपिका कई बार थकान की वजह से आराम करने चली जाती हैं और आगे के इलाज को लेकर भी काफी सोचती रहती हैं, जो उन्हें कभी-कभी बहुत ओवरव्हेल्म कर देता है. एक्ट्रेस ने आगे कहा कि, हमें मजबूत और पॉजिटिव रहना होगा. लेकिन रोजमर्रा की जिंदगी जीना और आगे के ट्रीटमेंट के बारे में सोचना ये सब कभी-कभी बहुत ज्यादा भारी लगने लगता है.
‘ससुराल सिमर का’ से स्टार बनीं दीपिका कक्कड़
बता दें कि दीपिका कक्कड़ पिछले कुछ महीनों से स्टेज 2 लिवर कैंसर से जूझ रही हैं. जून 2025 में उनकी सर्जरी हुई थी, जिसके बाद से उनका इलाज लगातार जारी है. अपने यूट्यूब चैनल के जरिए एक्ट्रेस खुद की समस्याओं को सबके सामने रखती हैं. टीवी शो ‘ससुराल सिमर का’ से दीपिका रातोंरात स्टार बन गई थीं. दीपिका रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ सीजन 12 का खिताब भी जीत चुकी हैं.