Govinda-Sunita Ahuja: बॉलीवुड एक्टर गोविंदा और एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार इन दिनों अपने कथित रिश्ते को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं. दोनों को हाल ही में मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन करते हुए देखा गया, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर एक बार फिर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. अब इन अफवाहों के बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने ऐसा बयान दिया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है.

गोविंदा ने कोमल रानी संग किए थे बप्पा के दर्शन
दरअसल, गोविंदा और कोमल रानी एक साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे थे. खास बात यह रही कि सुनीता आहूजा भी गोविंदा के पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही लालबागचा राजा के दर्शन करने गई थीं. इसके बाद से ही गोविंदा और सुनीता की शादीशुदा जिंदगी को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई.

गोविंदा और कोमल पर क्या बोलीं सुनीता?
अफेयर की इन खबरों के बीच सुनीता आहूजा ने अब गोविंदा और कोमल को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है. मीडिया से बातचीत में सुनीता ने साफ कहा कि वह गोविंदा या उनकी को-स्टार के बारे में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहतीं.
सुनीता ने कहा कि वह देख रही हैं कि गोविंदा खुश हैं और वह भगवान से उनके लिए प्रार्थना करती हैं. उन्होंने कहा, ‘वो जैसी जिंदगी जीना चाहते हैं, वैसी जिएं. भगवान उन पर कृपा बनाए रखें.’

‘जहां भी हों और जिसके साथ भी हों, खुश रहें’
सुनीता ने आगे कहा कि उन्हें इन सब चीजों पर ध्यान नहीं देना है. उनकी बस यही इच्छा है कि गोविंदा जहां भी हों और जिसके साथ भी हों, खुश रहें. उन्होंने यह भी साफ किया कि फिलहाल उनका ध्यान अपनी जिंदगी और काम पर है और वह बार-बार किसी विवाद का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं.

पहले भी सुनीता ने कही थी बड़ी बात
बता दें, कि अभी कुछ वक्त पहले ही सुनीता आहूजा कोलकाता के पास दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंची थीं. वहां उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई बातें कहीं. सुनीता ने कहा था कि बिना किसी ठोस वजह के उनका घर टूट रहा है. उन्होंने अपनी जिंदगी में मौजूद परेशानियों का जिक्र करते हुए युवा पीढ़ी और महिलाओं से उनके साथ खड़े होने की अपील भी की थी.

कोमल ने भी लगाए थे गंभीर आरोप
सुनीता का यह बयान कोमल रानी के उस बयान के कुछ दिनों बाद आया है, जिसमें उन्होंने सुनीता पर सालों से अपने पति को मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया था. कोमल ने खुद पर लग रहे ‘घर तोड़ने वाली’ के टैग पर भी रिएक्शन दिया था. उनका कहना था कि जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसे कोई दूसरा नहीं तोड़ सकता.