बॉलीवुड से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है. जहां एक्ट्रेस जरीन खान की मां परवीन खान का निधन हो गया, इस खबर के सामने आने के बाद से उनके फैंस के बीच शोक का माहोल है, लोग सोशल मीडिया पर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं, परिवार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, परवीन खान लंबे समय से उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रही थीं. उनकी तबीयत पिछले साल यानी अक्टूबर 2025 में काफी बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार जरूर हुआ, लेकिन 2026 में एक बार फिर उनकी तबीयत खराब हो गई, और उन्हें दोबारा अस्पताल में एडमिट करना पड़ा.
दुख की घड़ी में जरीन के साथ खड़े फैंस
इन मुश्किल हालातों के बीच जरीन खान ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस से अपनी मां के लिए दुआ करने की अपील भी की थी. उन्होंने कई पोस्ट में बताया था, कि उनकी मां ही उनका सबसे बड़ा सहारा हैं. मां-बेटी के बीच गहरा रिश्ता था, जिसकी झलक अकसर उनकी तस्वीरों और पोस्ट्स में देखने को मिलती थी.
कब होगा अंतिम संस्कार?
बताया जा रहा है, कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे परवीन खान का अंतिम संस्कार किया जाएगा, हालांकि इस दुखद घटना पर अभी तक जरीन खान की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन करीबी सूत्रों का कहना है, कि वो इस सदमे से पूरी तरह टूट चुकी हैं.
मां के बेहद करीब थीं जरीन
38 साल की जरीन खान ने अब तक शादी नहीं की है, और वो अपनी मां के बेहद करीब थीं. अपनी जिंदगी की हर छोटी-बड़ी बात वो अपनी मां के साथ शेयर करती थीं. ऐसे में मां का यूं चले जाना उनके लिए बहुत बड़ा झटका है.
ऐसे हुई थी जरीन के करियर की शुरुआत
अगर जरीन खान के करियर की बात करें, तो उन्होंने साल 2010 में सलमान खान की फिल्म ‘वीर’ से बॉलीवुड में कदम रखा था. शुरुआत में उन्हें काफी सराहा गया, लेकिन वो इंडस्ट्री में लंबे समय तक अपनी पकड़ मजबूत नहीं बना सकीं. बाद में उन्होंने पंजाबी फिल्मों जैसे ‘डाका’ और ‘जट्ट जेम्स बॉन्ड’ में भी काम किया. आखिरी बार वो 2021 में ‘हम भी अकेले तुम भी अकेले’ में नजर आई थीं.
सोशल मीडिया पर फैंस दे रहे श्रद्धांजलि
बहरहाल, इस मुश्किल वक्त में फैंस और सेलेब्स लगातार जरीन खान को हिम्मत दे रहे हैं, और उनकी मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.