Ramayana: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. फिल्म की रिलीज के साथ ही उन तमाम सवालों और विवादों से भी पर्दा उठ गया है, जिन्हें लेकर लंबे समय से सोशल मीडिया पर मेकर्स और फिल्म की कास्ट को ट्रोल किया जा रहा था. दिलचस्प बात यह है कि जिन पांच चीजों को लेकर फिल्म की सबसे ज्यादा आलोचना हुई, अब उन्हीं को लेकर दर्शकों की राय बदलती नजर आ रही है. आइए जानते हैं उन पांच विवादों की पूरी सच्चाई.

राम की हल्दी में माता सीता की झलक पर मचा था बवाल
फिल्म के ट्रेलर में एक शॉट नजर आया था, जिसमें श्रीराम की हल्दी की रस्म होती दिख रही थी और पीछे माता सीता की झलक दिखाई दे रही थी. इस सीन को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि राम और सीता की शादी की हल्दी में माता सीता कैसे मौजूद हो सकती हैं? हालांकि, फिल्म रिलीज होने के बाद इस सीन का संदर्भ सामने आया. दरअसल, यह शादी की रस्म नहीं, बल्कि श्रीराम के राजतिलक से पहले की तैयारियों से जुड़ा सीन है.

गुलाब नहीं, अड़हुल का फूल!
फिल्म के एक पोस्टर में श्रीराम माता सीता के बालों में फूल लगाते नजर आए थे. इसके बाद सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि उस दौर में भारत में गुलाब का फूल मौजूद नहीं था, फिर फिल्म में इसे कैसे दिखाया गया. लेकिन फिल्म देखने के बाद दर्शकों ने इस फूल को अड़हुल यानी गुड़हल का फूल बताया. इस तरह पोस्टर को लेकर उठे सवालों पर अब विराम लग गया है.

साईं पल्लवी की कास्टिंग पर उठे थे सवाल
माता सीता के किरदार में साईं पल्लवी की कास्टिंग को लेकर भी खूब ट्रोलिंग हुई थी. हालांकि, फिल्म रिलीज होने के बाद उनके अभिनय और किरदार को सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ मिल रही है, और न सिर्फ साउथ बल्कि नोर्थ से लेकर विदेशी दर्शकों ने भी साईं पर प्यार लुटाया है.

एआर रहमान के संगीत पर भी हुई थी आलोचना
फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी संभाल रहे एआर रहमान को भी निशाना बनाया गया था,’रामायण’ का टाइटल सॉन्ग ‘मंगल रंग’ में कव्वाली का जिक्र कर खूब ट्रोल किया गया, अब वही लोग फिल्म देखने के बाद सोशल मीडिया पर माफी मांग रहे हैं, संगीत की दमकर तारीफ कर रहे हैं.

VFX की तुलना आदिपुरुष से, अब हो रही तारीफ
फिल्म के VFX को लेकर भी काफी सवाल उठे थे और इसकी तुलना ‘आदिपुरुष’ से की जा रही थी, लेकिन रिलीज के बाद भव्य विजुअल्स और VFX को दर्शकों से पॉजिटिव रिएक्शन मिल रहे हैं.
रिलीज के बाद बदले आलोचकों के स्वर
बहरहाल, ‘रामायण’ ने रिलीज के साथ ही अपने खिलाफ उठे कई सवालों के जवाब दे दिए हैं. हालांकि, फिल्म को लेकर दर्शकों की राय अलग-अलग हो सकती है, लेकिन इतना जरूर है कि रिलीज से पहले की ट्रोलिंग और रिलीज के बाद मिल रहे रिएक्शन्स में काफी अंतर नजर आ रहा है.