Actress Subashini Death: तमिल टीवी जगत की मशहूर अभिनेत्री सुभाषिनी के निधन की खबर ने सबको सुन्न कर दिया है. सन टीवी के लोकप्रिय शो ‘कयल’ (Kayal) में अहम भूमिका निभाने वाली सुभाषिनी ने चेन्नई के एक अपार्टमेंट में खुदकुशी कर ली. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से ठीक पहले उनका अपने पति के साथ वीडियो कॉल पर किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था. महज 21 अप्रैल को उनकी शादी की दूसरी सालगिरह थी, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने मौत को गले लगा लिया.
वीडियो कॉल पर हुआ था विवाद
शुरुआती पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, सुभाषिनी ने सुसाइड से पहले बेंगलुरु में रह रहे अपने पति पिप्पिन से वीडियो कॉल पर बात की थी. बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान परिवार को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई. इसी विवाद से उपजे मानसिक तनाव के कारण अभिनेत्री ने चेन्नई के अय्यप्पनथंगल स्थित अपने अपार्टमेंट में यह कदम उठाया.
जन्मदिन और सालगिरह की थी तैयारी
सुभाषिनी के लिए अप्रैल का महीना खुशियों भरा होने वाला था. 21 अप्रैल को उनकी शादी की दूसरी सालगिरह थी और उससे ठीक पहले उनका जन्मदिन भी आने वाला था. लेकिन जश्न के माहौल से पहले ही उनके घर में मातम पसर गया. पुलिस अब उनके कॉल रिकॉर्ड्स और सोशल मीडिया चैट की गहन जांच कर रही है.
‘कयल’ सीरियल से मिली बड़ी पहचान
सुभाषिनी सन टीवी के सबसे हिट सीरियल्स में से एक ‘कयल’ का हिस्सा थीं. पी. सेल्वम के निर्देशन में बने इस शो में उन्होंने सैत्रा रेड्डी और संजीव कार्तिक जैसे सितारों के साथ काम किया था. उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी सराहा था, यही वजह है कि उनकी मौत की खबर ने शो के दर्शकों को भी गहरा दुख पहुंचाया है.
एंकरिंग से एक्टिंग तक का सफर
अभिनय की दुनिया में आने से पहले सुभाषिनी एक बेहतरीन एंकर और प्रेजेंटर रही थीं. उन्होंने श्रीलंका के नेत्र टीवी और वसंतम टीवी के लिए कई रियलिटी शोज होस्ट किए थे. इसके अलावा, वह श्रीलंका के पर्यटन मंत्रालय की प्रमोटर भी रह चुकी थीं. उन्होंने कोलंबो की यूनिवर्सिटी ऑफ द विजुअल एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स से अपनी पढ़ाई पूरी की थी.
श्रीलंका से चेन्नई का रिश्ता
मूल रूप से श्रीलंका की रहने वाली सुभाषिनी बेंगलुरु में अपने पति के साथ रहती थीं. हालांकि, शूटिंग के सिलसिले में वह पिछले कुछ समय से चेन्नई के पोरूर इलाके में ठहरी हुई थीं. उनकी मौत की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उनके फेसबुक और सोशल मीडिया प्रोफाइल पर फैंस लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.