---विज्ञापन---
‘धुरंधर 2’ का ‘पिंडा’ कौन है? एक डायलॉग से छा गया ये किरदार, जिसकी कहानी इंप्रेस न कर दे तो कहना

आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, ये फिल्म हर दिन पुराने रिकॉर्ड तोड़ रही है, और नए रिकॉर्ड बना रही है, रणवीर सिंह की फिल्म को रिलीज हुए अभी कुछ ही दिन बीते हैं, लेकिन इसकी कहानी, एक्शन और किरदारों ने हर किसी का दिल जीत लिया है, हर ओर फिल्म की जबरदस्त चर्चा देखने को मिल रही है. खास बात ये है, कि फिल्म के छोटे-छोटे रोल भी दर्शकों के दिल में जगह बना रहे हैं. ऐसा ही एक किरदार है 'पिंडा', जिसने कम स्क्रीन टाइम के बावजूद बड़ा असर छोड़ा है.

फिल्म में 'पिंडा' का रोल उदयबीर संधु ने निभाया है. ये नाम भले ही बॉलीवुड के लिए नया लगे, लेकिन पंजाबी इंडस्ट्री में उदयबीर पहले से ही जाना-पहचाना चेहरा हैं. उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और इमोशनल एक्टिंग ने 'धुरंधर 2' में इस किरदार को यादगार बना दिया है.

पिंडा का सबसे चर्चित सीन वो है, जहां वो रणवीर सिंह के किरदार जसकिरत से कहता है. 'घर दी याद नहीं आई तुझे जस्सी.' ये डायलॉग फिल्म के इंटरवल से ठीक पहले आता है, और थिएटर में सन्नाटा छा जाता है. इसी एक सीन ने पिंडा को रातों-रात चर्चा में ला दिया.

अगर उदयबीर संधु के करियर की बात करें, तो वो पहले भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं. उन्हें 'चमकीला' में देखा गया था, जहां उन्होंने सुरिंदर सिंह शिंदा का किरदार निभाया था. इसके अलावा वो गोल्ड और पंजाबी फिल्म 'एक कुड़ी' में भी नजर आ चुके हैं. कई म्यूजिक वीडियोज में भी उनकी मौजूदगी रही है.

'धुरंधर 2' के लिए उदयबीर ने जबरदस्त मेहनत की है. उन्होंने इस फिल्म में एक ही किरदार के दो अलग-अलग उम्र के लुक निभाए, 20 साल के युवा से लेकर 40 साल के शख्स तक. इसके लिए उन्होंने पहले करीब 15 किलो वजन घटाया और फिर उतना ही बढ़ाया. उनका ये ट्रांसफॉर्मेशन स्क्रीन पर साफ दिखाई देता है, और दर्शकों को इंप्रेस करता है.

कहानी के लिहाज से भी पिंडा का किरदार काफी अहम है. बिना ज्यादा स्पॉइल किए इतना जरूर कहा जा सकता है, कि आगे आने वाले पार्ट में कहानी का बड़ा बदलाव इसी किरदार की वजह से देखने को मिलेगा. बहरहाल, 'धुरंधर 2' में पिंडा भले ही साइड कैरेक्टर हो, लेकिन उसका असर लीड रोल से कम नहीं है. यही वजह है, कि अब हर कोई उदयबीर संधु के बारे में जानना चाहता है.