---विज्ञापन---
Dhurandhar 2: 37 साल पुराने गाने की वजह से फिर फंसे आदित्य धर, मेकर्स ने कर दिया मुकदमा, जानें क्या है पूरा मामला?

'धुरंधर 2' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है, और हर तरफ इसका ही जलवा देखने को मिल रहा है. रणवीर सिंह की इस फिल्म ने 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है, और जल्द ही 1700 करोड़ क्लब में शामिल होने की उम्मीद है, लेकिन फिल्म की सफलता के साथ-साथ विवाद भी पीछा नहीं छोड़ रहे.

हाल ही में फिल्म पर कहानी चोरी का आरोप लगा था, और अब एक नया विवाद सामने आ गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉलीवुड प्रोडक्शन कंपनी Trimurti Films ने फिल्म के मेकर्स और आदित्य धर के प्रोडक्शन हाउस B62 Studios के खिलाफ केस दर्ज किया है.

इस पूरे विवाद की जड़ है 37 साल पुराना गाना Rang De Lal, जिसे 1989 की फिल्म Tridev में इस्तेमाल किया गया था. इस गाने को Anand-Milind ने कंपोज किया था, और इसके बोल Sameer Anjaan ने लिखे थे, वहीं Amit Kumar और Sapna Mukherjee ने इसे अपनी आवाज दी थी.

आरोप है, कि 'धुरंधर 2' में इसी गाने से मिलता-जुलता एक वर्जन इस्तेमाल किया गया है, लेकिन इसके लिए किसी तरह की अनुमति या लाइसेंस नहीं लिया गया. Trimurti Films का दावा है, कि इस गाने के म्यूजिक और साउंड रिकॉर्डिंग के अधिकार उनके पास हैं, और बिना इजाजत इसका इस्तेमाल करना कॉपीराइट उल्लंघन है.

कंपनी ने कोर्ट से मांग की है, कि फिल्म में इस गाने के आगे इस्तेमाल पर रोक लगाई जाए. इसके साथ ही उन्होंने हर्जाने और अन्य कानूनी राहत की भी अपील की है. इतना ही नहीं, उन्होंने थिएटर रिलीज, ओटीटी प्लेटफॉर्म और प्रमोशनल कंटेंट में इस गाने के इस्तेमाल को लेकर भी आपत्ति जताई है.

बहरहाल, इस मामले पर फिल्म के मेकर्स या आदित्य धर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में अब सबकी नजर इस पर टिकी है, कि मेकर्स इस विवाद को कैसे सुलझाते हैं. बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने वाली 'धुरंधर 2' के लिए ये नया विवाद कितनी बड़ी मुश्किल बनता है, ये आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा.