---विज्ञापन---
बॉलीवुड की वो 5 हसीनाएं, जो अदाकारी और खूबसूरती में बेमिसाल, लेकिन बेहद दर्दनाक रहीं इनकी मौत

बॉलीवुड सिनेमा का इतिहास काफी पुराना है. आजादी से पहले और आजादी के बाद से ही तमाम एक्टर और एक्ट्रेस ने एक्टिंग में हाथ आजमाया और शानदार अभिनय से अपना नाम कमाया. 80 और 90 के दशक की कुछ ऐसी हसीनाएं भी हैं, जिन्होंने अपनी शानदार अभिनय से लोगों के दिलों में जगह बनाई और सालों तक राज किया. हालांकि आज हम कुछ ऐसी ही एक्ट्रेसेस के बारे में बात करने वाले हैं, जो न सिर्फ अपनी एक्टिंग के लिए बल्कि अपनी खूबसूरती के लिए जानी जाती थीं. हालांकि इन एक्ट्रेसेस की मौत काफी दर्दनाक रही है. कुछ की मौत की मिस्ट्री भी आज तक नहीं सुलझ पाई है. तो चलिए जानते हैं इसके बारे में.

दिव्या भारती: लिस्ट में पहला नाम दिव्या भारती का है. जो कि 90 के दशक की एक ऐसी एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने बेहद कम उम्र में अपना नाम कमाया है. दिव्या सिर्फ अपनी एक्टिंग और मासूमियत के कारण लोगों के दिलों पर छा गई थीं. उनकी फिल्मों का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहता था. एक्ट्रेस ने अपने करियर में गीत, क्षत्रिय, दीवाना, जान से प्यारा, दिल आशना है, शोला और शबनम जैसी कई फिल्मों में काम किया. हालांकि 5 अप्रैल 1993 को मुंबई स्थित अपने अपार्टमेंट की बालकनी से गिरने से उनकी मौत हो गई.

मधुबाला: लिस्ट में बॉलीवुड की सबसे हसीन एक्ट्रेस मानी जाने वाली मधुबाला का नाम भी शामिल है. उन्होंने अपने करियर में तमाम ऐसी हिट फिल्में दी हैं, जो आज भी लोगों की फेवरेट हैं. मधुबाला ने मुगल ए आजम, बरसात की रात, हाफ टिकट, महलों के ख्वाब, अमर, तराना, नीलकमल जैसी फिल्मों में काम किया है. हालांकि आखिरी दिनों में वह बहुत बीमार रहने लगी थीं और वह काफी कमजोर हो चली थीं. एक्ट्रेस की दिल का दौरा पड़ने के कारण महज 36 साल की उम्र में मौत हो गई थी. उन्होंने 23 फरवरी 1969 को आखिरी सांस ली थी.

मीना कुमारी: ट्रेजडी क्वीन मीना कुमारी एक ऐसी अदाकारा हैं, जो अपने दौर में सबसे बेहतरीन एक्ट्रेस मानी जाती थीं. उन्होंने अपने करियर में पाकीजा, मेरे अपने, बैजू बावरा, दिल अपने प्रीत पराई जैसी तमाम फिल्मों में काम किया. लोग उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब रहते थे. हालांकि उनका करियर जितना सफल रहा वह अपनी पर्सनल लाइफ में उतनी ही दुखी रही. एक्ट्रेस ने फिल्म डायरेक्टर कमाल अमरोही से शादी की,जो कि पहले से शादीशुदा और तीन बच्चों के पिता थे. हालांकि ये रिश्ता ज्यादा नहीं चला और साल 1964 में तलाक हो गया. इसके बाद मीना कुमार डिप्रेशन में चली गईं और शराब की लत ने उनकी जिंदगी तबाह कर दी. एक्ट्रेस की महज 39 साल की उम्र में 1972 में लंबी बीमारी के कारण मौत हो गई.

परवीन बाबी: एक्ट्रेस परवीन बाबी अपने जमाने की हाईएस्ट पेड़ और खूबसूरत अदाकारा हुआ करती थीं. वह ना सिर्फ ग्लैमर बल्कि अपनी बेहतरीन एक्टिंग के लिए जानी जाती थीं. हालांकि वह फिल्मों के अलावा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर काफी चर्चा में रही. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक परवीन 1983 में अचानक गायब हो गईं थी और 1989 में जब वह वापस लोगों के सामने लौंटी तो उनका वजन घटा हुआ था और वह बेहद अजीब लग रही थीं, जिससे उन्हें पहचान पाना मुश्किल था. यहां तक कि लोग ये भी कहते थे कि उन्हें पैरानॉयड सिजोफ्रेनिया नाम की एक मानसिक बीमारी थी. बता दें कि 22 जनवरी 2005 को जुहू स्थित अपने अपार्टमेंट में परबीन मृत पाईं गई थी.

श्रीदेवी: आखिर में हम बात करेंगे श्रीदेवी की. जो कि बॉलीवुड सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार कही जाती थीं. उन्होंने न सिर्फ 90 में बल्कि उसके बाद भी इंडस्ट्री पर राज किया है. श्रीदेवी ने अपने करियर में 270 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया. वह मॉम, जुदाई, नगीना, निगाहें, लाड़ला, चंद्रमुखी, खुदा गवाह, चांदनी, राम अवतार, मिस्टर इंडिया, तोहफा, घर संसार, सदमा जैसी तमाम फिल्मों में काम किया. इंडस्ट्री की सबसे सक्सेसफुल एक्ट्रेस मानी जाती थीं श्रीदेवी. हालांकि साल 2018 में जब श्रीदेवी एक फैमिली मैरिज के लिए दुबई गई थी, तो बाथ टब में डूबने से उनकी मौत हो गई थी.फॉरेंसिक रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीदेवी बेहोश होने के कारण बाथटब में गिर गईं थी और इसी कारण उनकी मौत हो गई.