---विज्ञापन---
‘मेरा करियर बर्बाद करने की साजिश…’ Rajpal Yadav का 9 करोड़ चेक बाउंस मामले पर फूटा गुस्सा, बोले-‘बॉलीवुड से तो..’

राजपाल यादव बॉलीवुड के वो एक्टर हैं, जो अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग, शानदार एक्टिंग और बेहतरीन कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं. हालांकि राजपाल यादव बीते एक महीने से चर्चा में बने हुए हैं. वह अपने 9 करोड़ के चेक बाउंस मामले को लेकर खबरों में छाए हुए हैं. वहीं, अब हाल ही में एक्टर ने इस पूरे मामले पर रिएक्शन दिया है. उन्होंने ये भी बताया कि उनका करियर बर्बाद करने की साजिश की गई है.

दरअसल,टीवी9 के साथ इंटरव्यू में राजपाल यादव ने कहा, " आजकल कुछ लोगों की एक अजीब सी धारणा बन गई है. अगर राजपाल यादव बॉलीवुड से है, तो लोग मान लेते हैं कि वह गलत ही होगा. ये धारणा हमारे खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल की जा रही है."

इस इंटरव्यू के दौरान एक्टर ने ये भी खुलासा किया कि उनकी निर्मित फिल्म अता पता लापता को रिलीज से पहले ही शिकायत करने वाले शख्स ने बदनाम करना शुरू किया कर दिया था. उन्होंने कहा, " फिल्म रिलीज होती तो पैसा वापस आता, लेकिन उसे रिलीज से पहले ही बर्बाद कर दिया गया ताकि मुझे और मेरे काम को मिट्टी में मिलाया जा सके.

एक्टर ने आगे कहा, " सामने वाला खुद को 1500 करोड़ का आदमी बताता था, लेकिन 5 करोड़ के लिए मेरा करियर बर्बाद करने पर उतारू हो गया. सिर्फ पैसे नहीं चाहिए थे उसे, उसकी जिद थी कि राजपाल बाहर न जा पाए, काम न कर पाए और इंडस्ट्री उसे बॉयकट कर दे." इस दौरान एक्टर ने ये भी बताया कि लगातार उनके खिलाफ शिकायतें भी होती रही हैं, ताकि उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया जाए और वो बाहर न जा पाए और उनके हाथ से फिल्में निकल जाए, लेकिन हर बार उन्हें पासपोर्ट मिला और वो शूटिंग के लिए बाहर जाते थे और शूटिंग खत्म करने के बाद वो वापस आकर पासपोर्ट जमा कर देते थे.

राजपाल ने फिल्में बनाने के लिए लगने वाली मेहनत को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा, " यहां फिल्में बनाना और घाटा सहना एक पुरानी परंपरा है. मेरा नाम जोकर फ्लॉप हुई थी, लेकिन बाद में सुपरहिट हुई. हां लेकिन इस बिजनेस में होने वाले घाटे को एक क्राइम की तरह पेश कर दिया.

बता दें कि एक्टर ने 5 फरवरी को सरेंडर कर दिया था, जिसके बाद वो तिहाड़ जेल में थे. हालांकि उन्हें 17 फरवरी को जेल से रिहा कर दिया था. एक्टर को उनकी भतीजी की शादी अटेंड करने के लिए रिहा किया गया था. वहीं, अगली सुनवाई 18 मार्च को होनी है और इस बीच वह काम पर भी वापस लौट आएं हैं. एक्टर जल्द ही फिल्म वेलकम टू द जंगल में दिखाई देंगे.