---विज्ञापन---
‘Ghooskhor Pandat’ के टाइटल विवाद पर Manoj Bajpayee ने तोड़ी चुप्पी, बोले-‘मैं सम्मान करता हूं..’

मनोज बाजपेयी स्टारर फिल्म 'घूसखोर पंडित' रिलीज से पहले ही विवादों में घिरी हुई है. फिल्म अपने टाइटल को लेकर चर्चा में है. लोगों ने इसके टाइटल को लेकर आपत्ति जताई है और देश भर में इसको लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है. यहां तक कि बीते दिनों दिल्ली हाईकोर्ट में एक शख्स ने इसको लेकर याचिका दायर की थी. वहीं, एमएफसी ने भी फिल्म के टाइटल को लेकर परमिशन न लेने पर नोटिस जारी किया है.

इस पूरे विवाद पर प्रोड्यूसर नीरज पांडे ने सफाई दी है. उन्होंने फिल्म और किरदार को पूरी तरह से फिक्शन बताया है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कहा, ''हमारी फिल्म काल्पनिक कॉप ड्रामा है और पंडित शब्द का इस्तेमाल केवल एक काल्पनिक किरदार के बोलचाल के नाम के रूप में किया है.' वहीं, अब एक्टर मनोज बाजपेयी ने भी इस पूरे विवाद पर रिएक्ट किया है.

दरअसल, उन्होंने भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है और फिल्म के टाइटल पर चल रहे विवाद पर अपना रिएक्शन दिया है. मनोज ने लिखा, "लोगों की शेयर की गई भावनाओं और चिंताओं का मैं सम्मान करता हूं और उन्हें गंभीरता से लेता हूं. जब आप जिस चीज का हिस्सा होते हैं, उससे कुछ लोगों को ठेस पहुंचती है, तो यह आपको रुककर सुनने के लिए मजबूर कर देता है.

मनोज ने आगे कहा, "एक अभिनेता के रूप में, मैं किसी फिल्म में अपने द्वारा निभाए जा रहे किरदार और कहानी के माध्यम से ही प्रवेश करता हूं. मेरे लिए, यह एक गलतियों से भरे व्यक्ति और उसकी आत्म-साक्षात्कार की यात्रा को दिखाने करने के बारे में था. इसका उद्देश्य किसी भी समुदाय के बारे में कोई टिप्पणी करना नहीं था.

एक्टर ने आगे लिखा, "नीरज पांडे के साथ काम करने के मेरे एक्सपीरियंस में, मैंने देखा है कि वे अपनी फिल्मों के प्रति हमेशा गंभीरता और सावधानी बरतते हैं.जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए फिल्म निर्माताओं ने प्रचार सामग्री को हटाने का निर्णय लिया है। यह दर्शाता है कि चिंताओं को कितनी गंभीरता से लिया जा रहा है".

मनोज बाजपेयी स्टारर 'घूसखोर पंडित' का निर्देशन रितेश शाह ने किया है और इसके प्रोड्यूसर नीरज पांडे है. फिल्म में मनोज पुलिस ऑफिसर अजय दीक्षित का रोल अदा कर रहे हैं, जो कि एक रिश्वतखोर है. इसके अलावा मूवी में नुसरत भरूचा, दिव्या दत्ता, साकिब सलीम, कीकू शारदा, श्रद्धा दास जैसे कलाकार नजर आएंगे.