---विज्ञापन---
कैसा था आशा भोसले का बड़ी बहन लता मंगेशकर संग रिश्ता? सिर्फ इस वजह ने दोनों को बना दिया था दुश्मन!

हिंदी म्यूजिक इंडस्ट्री की मशहूर सिंगर आशा भोसले का आज 12 अप्रैल को निधन हो गया है. सिंगर को शनिवार देर रात मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनकी पोती ने बताया था कि उनके चेस्ट में इंफेक्शन था, जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई. हालांकि आज खबर आई कि उन्होंने फिर 92 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है. वहीं, उनके निधन ने सभी को हैरान कर दिया है. इंडस्ट्री के लोग अपने अपने ढंग से श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

आशा भोसले फेमस सिंगर लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं और दोनों ने इंडस्ट्री पर अपनी आवाज के कारण सालों तक राज किया है. उन्होंने तमाम हिट गाने गाए हैं. लेकिन आशा को हमेशा ही लता मंगेशकर की परछाई कहा जाता था. हालांकि बेहतरीन गाने गाकर उन्होंने खुद को साबित किया. लेकिन दोनों के बीच रिश्ते कैसे थे और एक वक्त पर दोनों के बीच कोल्ड वॉर क्यों शुरू हो गया था. इतना ही नहीं दोनों ने सालों तक एक दूसरे से बात तक नहीं की थी. चलिए जानते हैं इसके बारे में.

दरअसल, दोनो के बीच रिश्ता खराब होने की वजह आशा भोसले की शादी बनी थी. लता मंगेशकर ने बहुत छोटी उम्र में परिवार की जिम्मेदारी संभाल ली थी और सिर्फ 14 साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था. वहीं, आशा ने अपने करियर की शुरुआत 9 साल की उम्र में की थी. लेकिन सिर्फ 16 साल की उम्र में उन्होंने खुद से 15 साल बड़े यानी कि लता मंगेशकर के सेक्रेटरी गणपत राव भोसले के साथ भागकर शादी कर ली थी. जिसके बाद लता और आशा के बीच मतभेद शुरू हो गया था.

आशा का परिवार उनकी गणपत राव के साथ शादी से जरा भी खुश नहीं था. इतना ही नहीं एक इंटरव्यू में लता ने बताया था कि गणपत ने आशा को उनके घर आने से मना कर दिया था और उनके साथ मिलने से भी मना किया था. जो कि दोनों बहनों के बीच कोल्ड वॉर की वजह बना. लेकिन दोनों का रिश्ता सिर्फ कुछ ही साल चला और तीसरे बच्चे से प्रेग्नेंट आशा ने पति का घर छोड़ दिया. जिसके बाद उनके परिवार ने साथ दिया.

इन सभी के अलावा आशा और लता के बीच लड़ाई का कारण ओ.पी नैय्यर भी बने. दरअसल आशा जब इंडस्ट्री में अपने पैर जमाने की कोशिश कर रही थीं, तब तक लता म्यूजिक इंडस्ट्री की क्वीन बन चुकी थीं. हालांकि लता और म्यूजिक डायरेक्टर ओपी नैय्यर के बीच 36 का आंकड़ा था और वह लता के बर्ताव से नाराज होकर उन्होंने उनके साथ काम करना बंद कर दिया. लेकिन उन्होंने आशा के करियर को बढ़ाने में पूरी मदद की. इतना ही नहीं तलाकशुदा आशा का ओपी नैय्यर संग 14 साल तक रिश्ता चला था.

वहीं, आशा और लता की लड़ाई को लेकर लोगों ने भी चुटकी ली थी. दरअसल, कहा जाता है कि 1998 में आई फिल्म 'साज' इन्हीं दोनों बहनों की जिंदगी से इंस्पायर्ड है. जिसपर एक बार आशा से सवाल भी पूछा गया था. तब उन्होंने कहा था, दो बहनों की लड़ाई को लेकर 3 घंटे की फिल्म बनाना टाइम वेस्ट है.

हालांकि तमाम लड़ाइयों के बाद और कई सालों की दूरियों के बाद दोनों बहने फिर करीब आ गई थीं. दोनों की दूरियां तब खत्म हुईं जब उनके भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने म्यूजिक इंडस्ट्री के सिंगर्स को उनके योगदान के लिए अवॉर्ड देने वाला कार्यक्रम शुरू किया, जिसके बाद लता ने खुद आशा को अवॉर्ड दिया था. जिसपर आशा ने खुशी जाहिर की थी कि इससे कीमती उनके लिए कुछ नहीं.