---विज्ञापन---
कौन हैं सतीश सनपाल? 8वीं पास लड़के ने खड़ा किया अरबों का साम्राज्य, बुर्ज खलीफा में जीते हैं शाही जिंदगी
Who Is Satish Sanpal: नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'देसी ब्लिंग' Desi Bling के आने के बाद दुबई के मशहूर बिजनेसमैन सतीश सनपाल (Satish Sanpal) अचानक चर्चा में आ गए हैं. शो में उनकी आलीशान लाइफस्टाइल, करोड़ों की सुपरकारें और लग्जरी घर देखकर लोग हैरान हैं, लेकिन सतीश सनपाल की कहानी सिर्फ दौलत की नहीं, बल्कि संघर्ष और बड़े सपनों की भी है.
कैसे एक साधारण लड़का बना अरबपति?
मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक साधारण परिवार में जन्मे सतीश ने सिर्फ 8वीं तक पढ़ाई की. उनका मन पढ़ाई से ज्यादा बिजनेस में लगता था. महज 17 साल की उम्र में उन्होंने अपनी मां से 50 हजार रुपये लेकर किराने की छोटी दुकान शुरू की. हालांकि, शुरुआती बिजनेस ज्यादा नहीं चला, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. बाद में उन्होंने शेयर बाजार में काम किया और फिर कम पैसों के साथ दुबई पहुंच गए.
दुबई में जीता है लैविश लाइफ
दुबई जाकर सतीश सनपाल ने सोने के कारोबार से शुरुआत की. धीरे-धीरे उन्होंने रियल एस्टेट और निवेश की दुनिया में कदम रखा. उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट कोरोना महामारी के दौरान आया. जब दुनिया भर में प्रॉपर्टी मार्केट नीचे था, तब उन्होंने बड़ा रिस्क लेते हुए, अपनी पूरी पूंजी दुबई के रियल एस्टेट में लगा दी. यही फैसला बाद में उनके लिए गेम चेंजर साबित हुआ, और उनकी संपत्ति कई गुना बढ़ गई.
नेट वर्थ घुमा देगी दिमाग
आज सतीश सनपाल दुबई की बड़ी कंपनी Anax Holding के फाउंडर और चेयरमैन हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी और पत्नी तबिंदा सनपाल (Tabinda Sanpal) की कुल संपत्ति करीब 14 हजार करोड़ रुपये बताई जाती है. वहीं उनकी कंपनी की वैल्यू 25 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है.
बुर्ज खलीफा में जीते हैं शाही लाइफ
सतीश और उनका परिवार फिलहाल दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा (Burj Khalifa) में रहते हैं. इसके अलावा दुबई हिल्स में उनका एक विशाल लग्जरी विला भी बन रहा है. लग्जरी कारों का उनका कलेक्शन भी खूब चर्चा में रहता है, जिसमें बुगाटी, रोल्स-रॉयस और कई महंगी सुपरकारें शामिल हैं.
पत्नी तबिंदा को सोने से तोला!
इतना ही नहीं, उनकी पत्नी तबिंदा ने खुलासा किया कि उनके पास 40 किलो से ज्यादा सोना है. सतीश हर धनतेरस पर पत्नी को 3 किलो सोना गिफ्ट करते हैं. यही वजह है, कि Desi Bling में सतीश सनपाल की जिंदगी लोगों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बनी हुई है.