Tuesday, 17 February, 2026

---विज्ञापन---

बॉलीवुड का वो एक्टर, जिसे कभी फिल्म इंडस्ट्री ने किया था साइडलाइन, आज है 1200 करोड़ का मालिक

बॉलीवुड में एक दौर ऐसा भी था जब विवेक ओबेरॉय को पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया था. सलमान खान के साथ हुए विवाद और लगातार फ्लॉप फिल्मों के बोझ तले दबे विवेक के लिए एक्टिंग का रास्ता लगभग बंद हो गया था. लेकिन जिस अभिनेता को इंडस्ट्री ने खत्म मान लिया था, उसने अपनी किस्मत खुद लिखी. आज विवेक ओबेरॉय न केवल एक सफल अभिनेता हैं, बल्कि एक अरबपति उद्यमी (Entrepreneur) भी बन चुके हैं.

फिल्मी करियर का उतार-चढ़ाव- साल 2002 में फिल्म 'कंपनी' से विवेक ने धमाकेदार शुरुआत की थी. इसके बाद 'साथिया' और 'युवा' जैसी फिल्मों ने उन्हें रातों-रात सुपरस्टार बना दिया. हालांकि, व्यक्तिगत विवादों और इंडस्ट्री की राजनीति के चलते उनका करियर ग्राफ तेजी से नीचे गिरा. उन्हें फिल्में मिलना बंद हो गईं और वे हाशिए पर चले गए. लेकिन विवेक ने हार मानने के बजाय अपनी ऊर्जा बिजनेस की ओर मोड़ दी.

1200 करोड़ की नेटवर्थ और बिजनेस साम्राज्य- आज विवेक ओबेरॉय 1200 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं. उन्होंने सिर्फ एक क्षेत्र में नहीं, बल्कि रियल एस्टेट, एड-टेक, ज्वेलरी और एग्री-टेक जैसे कई उद्योगों में निवेश किया है. वे एक प्रीमियम जिन (Gin) ब्रांड के भी हिस्सेदार हैं, जिसकी वैल्यू करीब 30 मिलियन पाउंड है. इसके अलावा, उनकी एक डायमंड लैब कंपनी भी है, जिसका सालाना टर्नओवर 100 करोड़ रुपये के करीब है.

दुबई में 7 बिलियन डॉलर का रियल एस्टेट प्रोजेक्ट- विवेक की सफलता का सबसे बड़ा स्तंभ उनकी रियल एस्टेट कंपनी बीएनडब्ल्यू (BNW) डेवलपमेंट्स है. हाल ही में उन्होंने खुलासा किया कि उनकी कंपनी यूएई (UAE) में लगभग $7 बिलियन की अल्ट्रा-लग्जरी संपत्तियों को विकसित कर रही है. खास बात यह है कि यह पूरी तरह से एक 'जीरो-लोन' (कर्ज मुक्त) कंपनी है, जो दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों और संस्थानों को अपनी सेवाएं देती है.

लग्जरी प्रॉपर्टीज और शानदार घर- विवेक का रहन-सहन भी किसी राजा से कम नहीं है. 2019 में उन्होंने मुंबई के जुहू में ₹14.25 करोड़ का एक आलीशान बंगला खरीदा था. इसके अलावा, दुबई के पॉश इलाके 'द मीडोज' में भी उनका एक शानदार विला है, जो अपने खूबसूरत बगीचे, पूल और वर्ल्ड-क्लास इंटीरियर के लिए जाना जाता है.

महंगी कारों का कलेक्शन- विवेक ओबेरॉय को लग्जरी कारों का भी बेहद शौक है. उनके गैरेज में करोड़ों की गाड़ियां खड़ी हैं, जिनमें Lamborghini Gallardo, Rolls-Royce Cullinan, Chrysler 300C Limousine, Mercedes GLS 350D और GLE 250D जैसी कारें शामिल हैं.

First published on: Feb 17, 2026 12:09 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.