---विज्ञापन---

Asha Bhosle Net Worth: सिंगर होने के साथ अच्छी बिजनेस वूमेन भी थीं आशा भोसले, इन देशों में फैला कारोबार, छोड़ गईं इतनी संपत्ति

Asha Bhosle Net Worth: भारतीय संगीत जगत को उस वक्त गहरा सदमा लगा, जब दिग्गज गायिका आशा भोसले ने 92 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया. रविवार को उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली. उनके निधन से न सिर्फ बॉलीवुड बल्कि पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है.

आशा भोसले सिर्फ अपनी आवाज के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और सफल बिजनेस के लिए भी जानी जाती थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपने पीछे करीब 150 से 200 करोड़ रुपये की संपत्ति छोड़ी है. उनकी कमाई का सबसे बड़ा जरिया उनका लंबा और शानदार सिंगिंग करियर रहा, जिसमें उन्होंने हजारों गाने गाकर इतिहास रच दिया.

कम उम्र से ही संगीत की दुनिया में कदम रखने वाली आशा ताई ने महज 10 साल की उम्र में गायकी शुरू कर दी थी. उन्होंने हर तरह के गाने, गजल, पॉप, फिल्मी और क्लासिकल में अपनी खास पहचान बनाई. यही वजह है कि उन्हें पद्म विभूषण और दादासाहेब फाल्के पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मान मिले. इतना ही नहीं, सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने के लिए उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रेकॉर्ड्स में भी दर्ज है.

अगर उनकी संपत्ति की बात करें, तो आशा भोसले के पास मुंबई और पुणे में कई महंगी प्रॉपर्टी थीं, जिनकी कुल कीमत करीब 80 से 100 करोड़ रुपये बताई जाती है. आलीशान घरों के अलावा उन्होंने बिजनेस में भी जबरदस्त सफलता हासिल की.

साल 2002 में उन्होंने दुबई से 'Asha's' नाम का इंटरनेशनल रेस्टोरेंट ब्रांड शुरू किया, जो आज एक बड़ा ग्लोबल नाम बन चुका है. इस ब्रांड के आउटलेट्स दुबई, कुवैत, बहरीन, अबू धाबी के साथ-साथ यूके के बर्मिंघम और मैनचेस्टर जैसे शहरों में मौजूद हैं. मिडिल ईस्ट और ब्रिटेन में उनके करीब 14 रेस्टोरेंट्स चल रहे हैं.

बहरहाल, आशा भोसले ने अपनी जिंदगी में न सिर्फ संगीत की दुनिया में अमिट छाप छोड़ी, बल्कि एक सफल बिजनेसवुमन के तौर पर भी अपनी अलग पहचान बनाई. उनके जाने से एक युग का अंत हो गया है, लेकिन उनकी आवाज और विरासत हमेशा जिंदा रहेगी.

First published on: Apr 12, 2026 03:55 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.