Screenwriter Jeremy Larner Dies: हॉलीवुड के जाने-माने स्क्रीनराइटर जेरेमी लार्नर अब हमारे बीच नहीं रहे. 88 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया है. उनके बेटे जेसी लार्नर ने उनकी मौत की खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि दिग्गज स्क्रीनराइटर ने 24 फरवरी को ही इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया था. 24 फरवरी को कैलिफोर्निया के ओकलैंड स्थित एक नर्सिंग होम में बीमारी से एक लंबी जंग के बाद उनका निधन हो गया था.
साल 1972 में आई फिल्म ‘द कैंडिडेट’ की कहानी जेरेमी लार्नर ने ही लिखी थी. ये एक पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म थी, जिसकी कहानी को दर्शकों ने खूब सराहा था. इसकी शानदार पटकथा के लिए उन्हें 1973 में एकेडमी अवॉर्ड्स में बेस्ट ओरिजिनल स्क्रीनप्ले का पुरस्कार मिला था.
फिल्म ‘द कैंडिडेट’ से मिली पहचान
फिल्म ‘द कैंडिडेट’ के जेरेमी लार्नर को ऑस्कर से नवाजा गया था. इस फिल्म की कहानी एक आदर्शवादी वकील बिल मैके के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे अमेरिकी सीनेट का चुनाव लड़ने के लिए मनाया जाता है. फिल्म में इस किरदार को मशहूर अभिनेता रॉबर्ट रेडफोर्ड ने निभाया था. इसकी कहानी ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया था.
अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए स्पीच राइटर भी रहे
जेरेमी लार्नर की अमेरिकी राजनीती में अच्छी पकड़ थी. 1968 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान उन्होंने सीनेटर युगेने (Eugene McCarthy) के लिए स्पीच राइटर के रूप में काम किया था. चुनावी राजनीति के उसी अनुभव को उन्होंने फिल्म की कहानी में ढाल दिया.