Namit Malhotra confirms work on “Brahmastra 2”: हाल ही में रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ की पहली झलक देखने को मिली थी. इस फिल्म को नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं. नमित ने हाल ही में फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र 2’ को लेकर एक नई अपडेट दी है. इस खबर ने फैंस के दिल में खलबली मचा दी है.
‘ब्रह्मास्त्र 2’ को लेकर क्या बोले नमित मल्होत्रा?
साल 2022 में आई फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन-शिवा’ में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन लीड रोल में नजर आए थे. इस फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया है. हाल ही में फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने ‘ब्रह्मास्त्र 2’ को लेकर लेटेस्ट अपडेट दी है. नमित के मुताबिक ‘ब्रह्मास्त्र 2’ अभी भी बनने की पूरी उम्मीद है. नमित मल्होत्रा ने हाल ही में लास वेगास में सिनेमाकॉन 2026 में बताया कि ‘रामायण’ फिल्म का काम पूरा होने के बाद वो रणबीर कपूर की फिल्म ब्रह्मास्त्र के सीक्वल पर काम शुरू करेंगे. उन्होंने कहा कि वो ब्रह्मास्त्र यूनिवर्स को आगे बढ़ाना चाहते हैं.
साल 2022 में आई रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. ऐसे में इसके आगे की कहानी का इंतजार हर किसी को है. इसके पहसे पार्ट में शिव और ईशा को ब्रह्मास्त्र के रहस्यों के बारे में पता चलता है, जिसके बाद दोनों साथ मिलकर ब्रह्मांड को नष्ट करने वाली बुरी ताकतों को रोकते हैं.
प्री-प्रोडक्शन में है ‘ब्रह्मास्त्र 2’
बात करें ‘ब्रह्मास्त्र 2’ की तो इसमें देव और अमृता की प्रेम कहानी और उनकी पूरी पृष्ठभूमि को विस्तार से दिखाया जाएगा, जिसकी झलक पहली फिल्म के अंत में देखने को मिली थी. कुछ समय पहले रणबीर कपूर ने इसपर अपडेट देते बताया था कि फिल्म के डायरेक्टर अयान मुखर्जी इसे बहुत समय से बनाना चाहते हैं. लेकिन वो ‘वॉर 2’ पर काम कर रहे थे. ‘वॉर 2’ की रिलीज के बाद से ही ‘ब्रह्मास्त्र 2’ का प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू हो गया था. रणबीर ने भी साफ कहा था कि ‘ब्रह्मास्त्र 2’ निश्चित रूप से बन रही है.
दिवाली पर आएगी ‘रामायण’
फिलहाल, नमित मल्होत्रा इन दिनों अपनी अपकमिंग ‘रामायण’ के प्रमोशन में लगे हुए हैं. इस फिल्म में रणबीर कपूर (राम), साई पल्लवी (सीता) और यश (रावण) लीड रोल में हैं. ये फिल्म दो भागों में रिलीज होगी. इसका पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 को रिलीज होगा. फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.