Shahid Kapoor O Romeo Controversy: शाहिद कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘ओ रोमियो’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है. ‘घूसखोर पंडित’, विजय थलापति की ‘जन नायकन’ और शिव कार्तिकेयन की ‘पराशक्ति’ जैसी फिल्मों के बाद अब इस लिस्ट में शाहिद कपूर की फिल्म का नाम भी जुड़ गया है. अंडरवर्ल्ड से जुड़े एक नाम को लेकर उठी इस कॉन्ट्रोवर्सी ने फिल्म की रिलीज पर सवालिया निशान लगा दिया है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अंडरवर्ल्ड के कथित सरगना हुसैन ‘उस्तारा’ शेख की बेटी सनोबर शेख ने फिल्म ‘ओ रोमियो’ की रिलीज के खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर की है. उन्होंने फिल्म मेकर साजिद नाडियाडवाला, डायरेक्टर विशाल भारद्वाज और राइटर-पत्रकार हुसैन जैदी के खिलाफ स्थायी निषेधाज्ञा (Permanent Injunction) की मांग की है.
पिता की बायोपिक पर बेस्ड का दावा
सनोबर शेख का दावा है कि ‘ओ रोमियो’ उनके दिवंगत पिता हुसैन उस्तारा शेख की जीवनी पर बेस्ड है. उनका कहना है कि फिल्म में उनके पिता को गलत तरीके से एक गैंगस्टर के रूप में दिखाया गया है, जबकि हकीकत इससे अलग है. फिल्म में शाहिद कपूर उस्तारा के किरदार में नजर आ रहे हैं और यह हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ से इंस्पायर्ड बताई जा रही है.
फैमिली को नुकसान की आशंका
याचिका में सनोबर शेख ने कहा है कि अगर फिल्म रिलीज होती है, तो उन्हें और उनके बच्चों के लिए ये किसी गहरे सदमें से कम नहीं होगा. उनका दावा है कि उनके पिता ने मुंबई समेत पूरे भारत में अपराध रोकने में योगदान दिया था और कई मौकों पर पुलिस के साथ ही खुफिया एजेंसियों की मदद भी की थी. ऐसे में फिल्म की थीम उनकी इमेज को बरबाद कर सकती है.
मेकर्स का जवाब
वहीं दूसरी तरफ, फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के वक्त विशाल भारद्वाज ने ये साफ किया था, कि ‘ओ रोमियो’ लेखक हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ पर बेस्ड है. हालांकि, फिल्म में उन्होंने कई जगह क्रिएटिव लिबर्टी भी ली है. जिसकी वजह से कई हिस्सों में चेंजेस भी किए गए हैं. वहीं विशाल भारद्वाज ने कहा था, कि इसीलिए उन्होंने गैंगस्टर हुसैन उस्तरा की फैमिली से किसी तरह की को परमीशन नहीं ली थी, क्योंकि उन्होंने हुसैन जैदी से उनकी किताब के राइट्स लिए थे.
वहीं दूसरी तरफ, साजिद नाडियाडवाला और विशाल भारद्वाज ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका साफ कहना है कि ‘ओ रोमियो’ पूरी तरह एक काल्पनिक कहानी है, जिसका किसी असली व्यक्ति की जिंदगी से सीधा संबंध नहीं है.
कब रिलीज होगी ‘ओ रोमियो’?
फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. विशाल भारद्वाज के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में शाहिद कपूर के अलावा नाना पाटेकर, तृप्ति डिमरी, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया और फरीदा जलाल अहम किरदारों में नजर आएंगे. अब देखना दिलचस्प होगा कि कोर्ट इस विवाद पर क्या रुख अपनाती है और ‘ओ रोमियो’ अपने तय तारीख पर सिनेमाघरों में पहुंच पाएगी? ये तो आने वाला वक्त तय करेगा.