Saturday, 7 February, 2026

---विज्ञापन---

Mary Kom फेम एक्टर का निधन, 68 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

Sunil Thapa Death: फिल्म 'मैरी कॉम' में प्रियंका चोपड़ा के गुरु का किरदार निभाकर फेमस हुए सुनील थापा का निधन हो गया है. उन्होंने 68 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली.

Sunil Thapa Death: नेपाली फिल्म इंडस्ट्री से एक बुरी और बड़ी खबर सामने आई है. यहां इंडस्ट्री के दिग्गज और टैलेंटेड एक्टर सुनील थापा का निधन हो गया है. बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘मैरी कॉम’ में प्रियंका चोपड़ा के गुरु का किरदार निभाकर पूरे भारत में फेमस हुए सुनील थापा ने 68 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली. खबरों में बताया जा रहा है कि सुनील थापा की मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई है. सुनील थापा के इस तरह अचानक चले जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक का माहौल है.

सुनील थापा के निधन की खबर

खबरों के अनुसार, एक्टर सुनील थापा का निधन शुक्रवार सुबह काठमांडू के थापाथली के नॉर्विक अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ था. अस्पताल के प्रेजिडेंट राजेंद्र बहादुर सिंह ने मीडिया को बताया कि सुनील थापा को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था. शुक्रवार को सुबह 7 बजकर 44 मिनट पर उनका ईसीजी किया गया, जिसके बाद उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई. बताया जा रहा है कि सुनील की मृत्यु कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुई है.

सुनील थापा का करियर

सुनील थापा ने करियर की शुरुआत 1970 के दशक में बतौर मॉडल की थी. फिल्मों में आने से पहले वो मुंबई में ही मॉडल के तौर पर काम करते थे. इसके साथ ही वो जेएस पत्रिका में फोटो जर्नलिस्ट के तौर पर काम करते थे. सुनील ने फोटो जर्नलिस्ट के तौर पर 1974 में भूटान के राज्याभिषेक को कवर किया था. इसके साथ ही वो मुंबई के क्लबों के लिए फुटबॉल भी खेलते थे.

सुनील थापा का फिल्मी सफर

सुनील थापा ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 1981 में आई हिंदी फिल्म ‘एक दूजे के लिए…’ से की थी. इसके बाद उन्होंने सालों तक नेपाली, बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार को पर्दे पर निभाया. लेकिन उन्हें पहचान साल 2014 में आई फिल्म ‘मैरी कॉम’ से मिली, जिसमें उन्होंने प्रियंका चोपड़ा यानी मैरी कॉम के बॉक्सिंग गुरु का किरदार निभाया था. वहीं नेपाली फिल्मों में उन्होंने ज्यादातर विलेन के किरदार निभाए, जिसकी वजह से फैंस ने उन्हें ‘चीनों’ नाम दिया है.

First published on: Feb 07, 2026 02:57 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.