Bhojpuri Actress Sanjana Pandey: भोजपुरी एक्ट्रेस संजना पांडेय शूटिंग के दौरान एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गईं. फिल्म ‘भूतनी का बदला’ की शूटिंग के दौरान एक्ट्रेस आग की चपेट में आई गईं. बताया जा रहा है कि फिल्म के एक सीन में आग का इस्तेमाल किया जाना था और इसी दौरान तेज हवा चलने की वजह से अचानक आग बेकाबू होकर एक्ट्रेस की ओर फैल गई.
फिल्म सेट पर लगी आग
संजना पांडेय के मुताबिक, जिस सीन की शूटिंग हो रही थी, उसमें उन्हें आग के बीच खड़ा होना था. इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल किया गया था. शूटिंग के दौरान हवा काफी तेज चलने लगी, जिसके कारण आग को कंट्रोल करना मुश्किल हो गया और लपटें अचानक उनकी ओर आ गईं और देखते ही देखते आग उनके कपड़ों तक पहुंच गई.
बाल-बाल बची एक्ट्रेस
इस हादसे के बारे में एक्ट्रेस ने बताया कि स्थिति बेहद अचानक बिगड़ी और कुछ ही देर में उनके कपड़ों में आग लग गई. हालांकि शूटिंग यूनिट के क्रू मेंबर्स ने तत्काल मोर्चा संभाला और पानी डालकर आग बुझाई. संजना को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. एक्ट्रेस ने बताया कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी नहीं है. संजना पांडेय ने घटना के बाद राहत की सांस ली और बताया कि वो सुरक्षित हैं.
‘भूतनी का बदला’ के लिए शूटिंग कर रही थीं संजना पांडेय
ये हादसा तब हुआ जब संजना पांडेय उत्तर प्रदेश के जौनपुर के बदलापुर में फिल्म ‘भूतनी का बदला’ के लिए शूटिंग कर रही थीं. एक्ट्रेस के मुताबिक उनकी फिल्म ‘भूतनी का बदला’ दर्शकों के लिए मनोरंजन के साथ रोमांच और रहस्य का भी अनुभव लेकर आएगी. उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी और किरदारों को ध्यान में रखते हुए पूरी टीम ने मेहनत की है और शूटिंग के दौरान कई चुनौतीपूर्ण दृश्यों को भी पूरी लगन के साथ फिल्माया गया है. इसपर एक्ट्रेस ने उम्मीद जताई कि फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शकों को इसकी कहानी, प्रस्तुति और कलाकारों का काम पसंद आएगा.