Saturday, 14 March, 2026

---विज्ञापन---

प्यार में हिंदू धर्म छोड़ मुस्लिम बनीं, अब की घर वापसी, कौन हैं सयाली सर्वे? जिसने पति पर लगाए गंभीर आरोप

Who is Sayali Surve : मिसेज इंडिया अर्थ 2019 की विनर सायली सुर्वे इन दिनों अपने निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं. उन्होंने अपने पति आतिफ तासे पर जबरन धर्म परिवर्तन, मारपीट और गाली-गलौच जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. सायली का कहना है, कि उन्होंने प्यार में पड़कर अपने परिवार के खिलाफ जाकर शादी की थी, लेकिन बाद में उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई.

सायली महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड की रहने वाली हैं, और फिलहाल मुंबई में रह रही हैं. मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में उनका नाम तब सामने आया, जब उन्होंने साल 2019 में मिसेज इंडिया अर्थ का खिताब जीता था. उस समय वो महज 24 साल की थीं. कॉम्पिटीशन में उन्होंने कई मजबूत कंटेस्टेंट्स को पीछे छोड़कर ये ताज अपने नाम किया था.

सायली के मुताबिक, उनकी मुलाकात मीरा-भाईंदर के बिजनेसमैन आतिफ तासे से एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई थी. दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने साल 2017 में शादी करने का फैसला कर लिया. हालांकि, इस रिश्ते के लिए सायली के परिवार वाले तैयार नहीं थे. इसके बावजूद उन्होंने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर आतिफ से निकाह कर लिया.

निकाह के लिए सायली ने इस्लाम धर्म भी अपना लिया था. धर्म परिवर्तन के बाद उनका नाम बदलकर अतेजा तासे रख दिया गया. उस वक्त सायली को लगा था, कि उन्होंने अपने प्यार के लिए सही फैसला लिया है, लेकिन उनका दावा है, कि शादी के बाद हालात धीरे-धीरे खराब होने लगे.

हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सायली ने बताया कि शादी के बाद उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की जाती थी, गाली-गलौच होती थी, और कई बार मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया गया. सायली का कहना है, कि उन्हें जबरन धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया था, और बाद में उन्हें एहसास हुआ, कि ये रिश्ता उनके लिए सही नहीं था.

सायली ने अपने रिश्ते को लव जिहाद बताते हुए, कहा कि वो लंबे समय तक चुप रहीं, लेकिन अब उन्होंने अपनी बात खुलकर सामने रखने का फैसला किया है. उनका कहना है, कि ये कदम उन्होंने अपने बच्चों के भविष्य को देखते हुए उठाया है.

बताया जा रहा है, कि सायली के चार बच्चे हैं. सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है, कि उन्होंने दोबारा हिंदू धर्म अपना लिया है. बहरहाल, सायली सुर्वे की ये कहानी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.

First published on: Mar 11, 2026 03:24 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.