---विज्ञापन---
मेरा मर जाना… मोनालिसा की फरमान खान संग शादी पर पिता ने बताई सच्चाई, बोले- ‘हमारी बेटी को लव जिहाद…’

महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए, वायरल हुई मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी पर्सनल लाइफ है. मोनालिसा ने यूपी के बागपत के रहने वाले फरमान खान से शादी कर ली है. दोनों की इंटरफेथ मैरिज सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. जहां कुछ लोग इसे प्यार की कहानी बता रहे हैं, वहीं कई लोग इसे लव जिहाद का मामला कह रहे हैं. इस पूरे विवाद के बीच अब मोनालिसा के पिता का दर्द भी सामने आया है.

मीडिया से बातचीत में मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने कहा, कि वो अपनी बेटी के साथ केरल गए थे. वहां मोनालिसा को एक्टिंग और डांस सिखाने का वादा किया गया था. कुछ दिन रुकने के बाद जब वो वापस लौटने लगे तो अचानक हालात बदल गए. उनका कहना है, कि एयरपोर्ट जाते समय उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया गया. वहां उनसे कहा गया, कि वो अपनी बेटी की जबरदस्ती शादी करा रहे हैं. इसके बाद मोनालिसा ने खुद ही पिता के साथ घर लौटने से इनकार कर दिया.

जयसिंह भोंसले ने कहा, 'मेरी बेटी मेरे बिना दो मिनट भी नहीं रहती थी, लेकिन वहां उसने कहा कि पापा आप घर चले जाइए. मैं यहीं रहकर एक्टिंग और डांस सीखूंगी.' ये कहते हुए, उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बेटी को बहकाया गया है. मोनालिसा की शादी के बाद परिवार और समाज के कुछ लोगों ने इसे 'लव जिहाद' करार दिया है. मोनालिसा के बड़े पापा विजल भोंसले ने कहा, कि उनकी बेटी को फंसाया गया है, और सरकार से न्याय की मांग की जाएगी.

समाज के कुछ लोगों का कहना है, कि उनके समुदाय में पहले कभी ऐसा नहीं हुआ, कि किसी लड़की ने दूसरे धर्म में शादी की हो. इसलिए उन्हें शक है, कि मोनालिसा को दबाव में ये फैसला लेना पड़ा होगा.

इन सभी आरोपों पर मोनालिसा ने भी अपना रिएक्शन दिया है. उन्होंने साफ कहा, कि उनकी शादी प्यार से हुई है, और इसमें किसी तरह का लव जिहाद नहीं है. मोनालिसा ने बताया, कि शादी हिंदू रीति-रिवाज से हुई है, और न तो उन्होंने धर्म बदला है, और न ही उनके पति फरमान खान ने, उन्होंने कहा कि वो अपनी मर्जी से ये शादी करना चाहती थीं.

मोनालिसा के पति फरमान खान ने भी इस विवाद पर रिएक्ट करते हुए, कहा कि, 'हम दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं. हमारे लिए सभी धर्म बराबर हैं. हम आर्टिस्ट हैं, और आर्टिस्ट का कोई एक धर्म नहीं होता.' फिलहाल, मोनालिसा की ये शादी सोशल मीडिया और खबरों में लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है. जहां एक तरफ परिवार नाराज है, वहीं कपल अपने फैसले पर कायम नजर आ रहा है.