---विज्ञापन---
ग्लैमर छोड़ गांव की सादगी में डूबे विजय-रश्मिका, शादी के बाद सत्यनारायण स्वामी व्रतम के लिए पहुंचे पैतृक गांव

Vijay Rashmika Visit Their Village: नवविवाहित जोड़ी विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म या रेड कार्पेट इवेंट नहीं, बल्कि उनकी सादगी और परंपरा से जुड़ा एक खूबसूरत पल है. शादी के कुछ ही दिनों बाद दोनों विजय के पैतृक गांव तुम्मेनपेट पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के साथ सत्यनारायण स्वामी का व्रत और पूजन किया.

नागरकुर्नूल जिले के बलमूर मंडल स्थित इस गांव में जैसे ही विजय और रश्मिका पहुंचे, माहौल उत्सव जैसा हो गया. गांववालों और रिश्तेदारों ने पूरे दिल से इस जोड़े का स्वागत किया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है, कि दोनों हाथ जोड़कर मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन कर रहे हैं. फैंस इस पल को उनकी अब तक की सबसे दिल छू लेने वाली झलक बता रहे हैं.

बताया जा रहा है, कि ये शादी के बाद गांव की उनकी पहली यात्रा थी, इसलिए ये मौका और भी खास हो गया. इतनी पॉपुलैरिटी और ग्लैमर के बावजूद दोनों ने अपने नए जीवन की शुरुआत भगवान के आशीर्वाद और अपनी जड़ों से जुड़कर करने का फैसला किया, जो फैंस को काफी पसंद आ रहा है.

व्रत के दौरान विजय हल्के हरे रंग के सिंपल कुर्ते में नजर आए. माथे पर तिलक, सादा लुक और शांत मुस्कान उनके व्यक्तित्व को और निखार रही थी. वहीं रश्मिका हल्के भूरे रंग की साड़ी में बेहद खूबसूरत दिखीं. बालों में गजरा, सादा सोने के गहने और लाल बिंदी में रश्मिका पूरी तरह पारंपरिक नवविवाहिता लगीं. दोनों साथ में बिल्कुल परफेक्ट कपल नजर आए.

इससे पहले इसी हफ्ते दोनों ने उदयपुर में बेहद निजी तरीके शादी रचाई थी. जिसमें सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे. शादी में तेलुगु और कोडवा दोनों परंपराओं का पालन किया गया. वहीं कपल ने ये भी साफ किया है, कि 4 मार्च को हैदराबाद में होने वाला उनका वेडिंग रिसेप्शन केवल इनवाइटेड मेहमानों के लिए होगा.

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने फैंस से सहयोग की अपील भी की है. कुल मिलाकर, विजय और रश्मिका अपनी सादगी, संस्कार और जमीन से जुड़े फैसलों से एक बार फिर लोगों का दिल जीतते नजर आ रहे हैं.