---विज्ञापन---
Dhurandhar 2: क्या है जसकीरत सिंह रंगी का रहमान डकैत से कनेक्शन? ‘हौसला-ईंधन-बदला’ के पीछे छिपी कहानी, ये 5 पॉइंट समझाएंगे पूरा गणित

फिल्म 'धुरंधर 2' का ट्रेलर जब से सामने आया है, तब से लोगों के जहन में कई सवाल आ रहे हैं, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से शुरू हो गई है. ट्रेलर रिलीज के 24 घंटों में ही इसने 39.2 मिलियन (3.92 करोड़) से ज्यादा के व्यूज बटोर लिए थे. वहीं फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, और इसकी एडवांस बुकिंग भी काफी तेज चल रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक करीब 18 करोड़ रुपये की टिकटें बिक चुकी हैं.

'धुरंधर' की जबरदस्त सक्सेस के बाद अब लोगों की एक्साइटमेंट 'धुरंधर 2' को लेकर काफी हाई है, फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा जिस बात की हो रही है, वो है जसकीरत सिंह रंगी का रहमान डकैत से कनेक्शन... साथ ही ट्रेलर में बार-बार बोले गए तीन शब्द... हौसला, ईंधन और बदला... फिल्म की कहानी की तरफ बड़ा इशारा करते हैं. ट्रेलर में कई ऐसे छोटे-छोटे क्लू छिपे हैं, जिन्हें ध्यान से देखने पर कहानी का काफी हिस्सा समझ में आने लगता है.

ट्रेलर देखकर ये लगभग साफ हो जाता है, कि पाकिस्तान में रहमान डकैत की गैंग के साथ रहने वाला हमजा दरअसल कोई और नहीं बल्कि जसकीरत सिंह रंगी ही है. यानी उसकी असली पहचान छिपी हुई है. पहले पार्ट में उसके अतीत की सिर्फ झलक दिखाई गई थी, लेकिन दूसरे पार्ट में उसकी पूरी कहानी सामने आने वाली है.

ट्रेलर में कई सीन ऐसे हैं, जो बताते हैं, कि जसकीरत की जिंदगी में एक बड़ा हादसा हुआ था. उसके पिता की हत्या कर दी गई थी, और उसकी बहन हरलीन के साथ भी कुछ गलत हुआ था. कुछ इशारे ये भी देते हैं, कि उसके पिता की मौत 1984 के सिख दंगों के दौरान हुई होगी. यानी बचपन में परिवार के साथ हुए अन्याय ने ही उसके भीतर बदले की आग भर दी.

ट्रेलर से ये भी अंदाजा लगाया जा सकता है, कि जसकीरत पहले सेना में जवान था, लेकिन हालात ऐसे बने कि उसे हथियार उठाने पड़े. बाद में उसे खास तरह की ट्रेनिंग दी गई. जिसमें उर्दू भाषा, इतिहास और एक्टिंग जैसी चीजें शामिल थीं. यही वजह है, कि वो पाकिस्तान में हमजा बनकर रहमान डकैत की गैंग में आसानी से घुस गया.

फिल्म के ट्रेलर में ये भी दिखाया गया है, कि रहमान डकैत की मौत के बाद कराची के ल्यारी इलाके में सत्ता की लड़ाई शुरू हो जाती है. अरशद पप्पू जैसे गैंगस्टर इस मौके का फायदा उठाकर इलाके पर कब्जा जमाने की कोशिश करते हैं. इसी दौरान जसकीरत यानी हमजा अपनी चालें चलता है, और सत्ता-पावर की इस लड़ाई का हिस्सा बन जाता है.

ट्रेलर में अजय सान्याल का किरदार तीन शब्द बोलता है... हौसला, ईंधन और बदला, यही तीन शब्द फिल्म के मिशन का आधार हैं. हौसला मतलब कभी हार न मानना, ईंधन यानी अपने दर्द और गुस्से को ताकत बनाना और बदला यानी अपने देश और परिवार के लिए न्याय हासिल करना.

बहरहाल, ट्रेलर से इतना तो साफ है, कि 'धुरंधर 2' सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं बल्कि जासूसी, बदले और अंडरवर्ल्ड की सच्चाइयों से जुड़ी कहानी दिखाने वाली है. अब दर्शकों को इंतजार है 19 मार्च का... जब ये फिल्म रिलीज होगी, और जसकीरत सिंह रंगी के अतीत से जुड़ा पूरा राज सामने आएगा.