---विज्ञापन---
थिएटर में पिटी 400 करोड़ की फिल्म, OTT पर आते ही पलटी किस्मत, ट्रेडिंग लिस्ट में छाई

400 करोड़ रुपये का बजट, साउथ सिनेमा का सबसे बड़ा सुपरस्टार और बड़े-बड़े दावे, लेकिन फिर भी फिल्म का हाल ऐसा हुआ, कि मेकर्स को भारी नुकसान उठाना पड़ा. सिनेमाघरों में ये फिल्म दर्शकों के लिए तरसती रही, और आखिरकार इसे बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर घोषित कर दिया गया. मगर कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. थिएटर में फ्लॉप होने के बाद जब यही फिल्म ओटीटी पर रिलीज हुई, तो इसकी किस्मत ही पलट गई.

हम बात कर रहे हैं, The Raja Saab की, जिसमें साउथ के सुपरस्टार प्रभास मुख्य भूमिका में नजर आए हैं.भारी-भरकम बजट और बड़े स्टारकास्ट के बावजूद ये फिल्म सिनेमाघरों में खास कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आते ही इसने दर्शकों का ध्यान खींच लिया, और ट्रेंडिंग लिस्ट में अपनी जगह बना ली.

फिल्म को करीब 400 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था, और इससे बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की उम्मीद की जा रही थी. शुरुआत में फिल्म को लेकर माहौल भी बना, लेकिन रिलीज के बाद धीरे-धीरे दर्शकों का उत्साह कम होने लगा. कमजोर कहानी, लंबाई और फीकी कॉमेडी की वजह से लोगों ने इसे ज्यादा पसंद नहीं किया. नतीजा ये हुआ, कि फिल्म सिनेमाघरों में टिक नहीं पाई.

इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म का डायरेक्शन मारुति ने किया है. फिल्म में प्रभास के साथ निधि अग्रवाल, संजय दत्त, मालविका मोहनन और जरीना वहाब जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देते हैं. मेकर्स ने फिल्म के सेट, वीएफएक्स और प्रोडक्शन पर जमकर पैसा खर्च किया था, लेकिन कहानी दर्शकों को उतना इंप्रेस नहीं कर पाई.

थिएटर में कमजोर प्रदर्शन के बाद फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म JioHotstar पर रिलीज किया गया. दिलचस्प बात ये रही, कि यहां आते ही फिल्म की किस्मत बदलती नजर आई. जो लोग इसे सिनेमाघरों में देखने नहीं गए थे, उन्होंने घर बैठे इसे देखना शुरू किया, और फिल्म अचानक ट्रेंडिंग लिस्ट में पहुंच गई.

ओटीटी पर दर्शक इसे एक हल्की-फुल्की टाइमपास फिल्म के तौर पर देख रहे हैं. यही वजह है, कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इसे अच्छी व्यूअरशिप मिल रही है. फिलहाल, ये फिल्म जियो हॉटस्टार की टॉप 10 लिस्ट में तीसरे नंबर पर ट्रेंड कर रही है, जो कि मेकर्स के लिए राहत की बात है.

फिल्म क्रिटिक्स का मानना है, कि थिएटर में फिल्म के फ्लॉप होने की सबसे बड़ी वजह इसकी कहानी थी. दर्शक प्रभास को आमतौर पर बड़े एक्शन अवतार में देखना पसंद करते हैं, लेकिन इस फिल्म में उनका किरदार थोड़ा अलग अंदाज में दिखाया गया है. हॉरर और कॉमेडी का मिश्रण भी उतना असरदार नहीं बन पाया, जितनी उम्मीद की जा रही थी.

अगर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें, तो करीब 400 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म दुनियाभर में सिर्फ 208 करोड़ रुपये ही कमा पाई. इस वजह से इसे बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर माना गया. हालांकि, ओटीटी पर मिल रही पॉपुलैरिटी ने ये जरूर साबित कर दिया, कि प्रभास का क्रेज अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.

बहरहाल, फिल्म थिएटर में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई हो, लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिल रहे प्यार ने इसकी इमेज को थोड़ा संभाल जरूर लिया है. कई दर्शक इसे एंटरटेनमेंट के लिए एक बार देखने लायक फिल्म बता रहे हैं.