Saturday, 14 March, 2026

---विज्ञापन---

मोनालिसा को कास्ट कर बुरे फंसे डायरेक्टर सनोज मिश्रा, चढ़ा 9 करोड़ का कर्ज; शादी के बाद फिल्म भी अधर में लटकी

महाकुंभ से चर्चा में आईं मोनालिसा की शादी के बाद अब उनकी डेब्यू फिल्म पर संकट खड़ा हो गया है. फिल्म के डायरेक्टर सनोज मिश्रा का कहना है, कि मोनालिसा को कास्ट करना उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा गलत फैसला साबित हुआ. उनका दावा है, कि इस पूरे मामले की वजह से उनकी फिल्म अधर में लटक गई है, और उन पर करोड़ों रुपये का कर्ज चढ़ गया है.

दरअसल, सनोज मिश्रा अपनी फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' में मोनालिसा को लॉन्च कर रहे थे. फिल्म लगभग पूरी हो चुकी थी, और सिर्फ एक गाने की शूटिंग बाकी थी, लेकिन इसी बीच मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली. इसके बाद से मामला काफी विवादों में आ गया है. ये सब बातें खुद सनोज मिश्रा ने न्यूज 18 को दिए अपने इंटरव्यू में कहीं थी.

इस बीच सनोज ने ये भी कहा, कि इस शादी की वजह से उनकी फिल्म की रिलीज पर भी असर पड़ा है, और अब उन्हें समझ नहीं आ रहा, कि फिल्म कब और कैसे रिलीज होगी?

इस बातचीत में उन्होंने आगे कहा, कि मोनालिसा को फिल्म के लिए काफी समय तक तैयार किया था. उन्हें इंदौर से लाकर ग्लैमर की दुनिया से परिचित कराया, ट्रेनिंग दी और फिल्म के लिए ग्रूम भी किया.

डायरेक्टर के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया में करीब साढ़े 9 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, और अब वही पैसा उनके लिए बड़ी परेशानी बन गया है. उनका कहना है, कि इस कर्ज का ब्याज भी उन्हें ही चुकाना पड़ रहा है.

सनोज ने ये भी कहा, कि फिल्म बनाने में उन्होंने करीब दो साल की मेहनत लगाई है, इस दौरान उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, यहां तक कि उन्हें जेल भी जाना पड़ा, और कई तरह के विवादों में भी घिरना पड़ा. अब जब फिल्म लगभग पूरी हो चुकी थी, तभी ये विवाद खड़ा हो गया, और उनकी सारी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है.

डायरेक्टर का कहना है, कि मोनालिसा काम को लेकर ज्यादा गंभीर नहीं रहती थीं, और उनसे काम करवाना भी आसान नहीं था. फिर भी उन्होंने उन्हें मौका दिया, और बेटी की तरह माना, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं, कि वो दोबारा कभी उनके साथ काम नहीं करना चाहते.

सनोज मिश्रा का दावा है, कि उन्हें नहीं पता अब उनकी फिल्म को कोई डिस्ट्रीब्यूटर मिलेगा या नहीं. उनका कहना है, कि जिस तरह से हालात बदले हैं, उससे उनकी फिल्म की रिलीज अनिश्चित हो गई है, और फिलहाल पूरा प्रोजेक्ट मंझधार में फंसा हुआ है.

First published on: Mar 13, 2026 04:07 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.