---विज्ञापन---
बिग बी ने सजाई थी महफिल…. Holi का वो गाना जिसके लेखक बन बैठे अमिताभ के पिता, रेखा और जया बच्चन ने किया था…

Holi 2026: बॉलीवुड में होली के गानों की बात हो और अमिताभ बच्चन का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. बिग बी पर फिल्माए गए होली के दो सबसे आइकॉनिक गाने, 'रंग बरसे' और 'होरी खेले रघुबीरा' आज भी हर होली पर गूंजते हैं. खास बात ये है, कि इन दोनों गानों के लेखक कोई और नहीं, बल्कि अमिताभ के पिता और महान कवि हरिवंश राय बच्चन थे.

अमिताभ बच्चन बचपन से ही अपने पिता को ये गीत गुनगुनाते हुए सुनते आए थे. 'रंग बरसे' दरअसल मीरा पर आधारित एक भजन से प्रेरित था, जिसके बोल थे, 'रंग बरसे ओ मीरन, भवन में रंग बरसे' बिग बी खुद भी इस भजन को अकर गुनगुनाया करते थे, लेकिन शायद उन्हें भी अंदाजा नहीं था, कि यही गीत आगे चलकर बॉलीवुड का सबसे पसंदीदा होली का गाना बन जाएगा.

साल 1981 की फिल्म 'सिलसिला' में शामिल 'रंग बरसे' एक इत्तेफाक का नतीजा था. दरअसल, राज कपूर की मशहूर होली पार्टी में जब यश चोपड़ा ने अमिताभ को ये गीत गुनगुनाते सुना, तो वो इससे इतने प्रभावित हुए, कि इसे तुरंत फिल्म में शामिल करने का फैसला कर लिया.

फिल्म में इस गाने को अमिताभ के साथ रेखा और जया बच्चन पर फिल्माया गया था, जिसने इसे और भी खास बना दिया. इस गाने की केमिस्ट्री और बोल आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं.

कुछ ऐसा ही किस्सा फिल्म 'बागबान' के गाने 'होरी खेले रघुबीरा' के साथ भी जुड़ा है. ये एक लोकगीत था, जिसे हरिवंश राय बच्चन अकसर गाया करते थे. जब फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर आदेश श्रीवास्तव ने अमिताभ से होली के गाने का सुझाव मांगा, तो बिग बी ने बिना सोचे यही गीत सुझा दिया.

दोनों ने मिलकर इसपर मुहर लगाई और सबसे शॉकिंग बात तो ये रही कि गाने की रिकॉर्डिंग सिर्फ एक रात में ही पूरी कर ली गई थ. इन गानों की खासियत सिर्फ इसकी धुन या बोल नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी यादें और इमोशन्स हैं. अमिताभ बच्चन, उनके पिता की रचनाएं, और 'सिलसिला' व 'बागबान' जैसी फिल्में, इन सबने मिलकर होली के इन सॉन्ग्स को हमेशा के लिए लोगों का फेवरेट बना दिया.

आज भी जब 'रंग बरसे' या 'होरी खेले रघुबीरा' बजता है, तो लगता है, जैसे वही दौर वापस लौट आया हो, और उस वक्त में जमने वाली महफिल फिर से सज गई हो. बहरहाल, बॉलीवुड में होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यादगार कहानियों, सुपरहिट गानों और सितारों के दिलचस्प किस्सों का जश्न है, जो हर साल और भी रंगीन होता जा रहा है.