---विज्ञापन---
नंबर 1 बनने के लिए ‘धुरंधर 2’ को तोड़ने होंगे ‘पुष्पा 2’ के ये तीन रिकॉर्ड

रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2’ इसी 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म को लेकर पूरे देशभर में क्रेज देखने को मिल रहा है. ट्रेलर रिलीज के साथ ही मेकर्स ने इसके प्रीव्यू शोज का ऐलान किया, जिसके बाद तेजी से इसकी टिकटें बुक हो रही हैं. एक्सपर्ट्स का कहना कि ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर हर तरह का रिकॉर्ड तोड़ सकती है. लेकिन इसे बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी मूवी बनने के लिए सबसे पहले अल्लू अर्जुन स्टारर फिल्म ‘पुष्पा 2’ के तीन रिकॉर्ड तोड़ने होंगे.

अल्लू अर्जुन स्टारर फिल्म पुष्पा 2 (Pushpa 2: The Rule) साल 2024 में रिलीज हुई थी. एक्शन और थ्रिल से भरपूर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था. अपनी ताबड़तोड़ कमाई से फिल्म ने पूरे बॉक्स ऑफिस को हिला डाला. ऐसे-ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जो अबतक कोई तोड़ नहीं पाया. अगर धुरंधर 2 को सबसे आगे निकलना है, तो पहले पुष्पा 2 के 3 रिकार्ड्स से आगे निकलना होगा.

सबसे पहले रणवीर सिंह को पुष्पा 2 के ओपनिंग डे कलेक्शन का रिकॉर्ड तोडना होगा. पुष्पा 2 ने अपने रिलीज के पहले दिन भारत में 174.90 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था. ऐसे में धुरंधर 2 को इस आंकड़े को पार करना होगा.

दूसरा रिकॉर्ड है पुष्पा 2 का वीकेंड कलेक्शन. धुरंधर 2 को आगे निकलने के लिए अपने पहले वीकेंड में पूरी जान लगानी होगी. पुष्पा 2 ने अपने ओपनिंग वीकेंड पर 354 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.

इसके बाद आता है पुष्पा 2 का टोटल कलेक्शन रिकॉर्ड. अल्लू अर्जुर की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ इंडिया में 1234 करोड़ का कलेक्शन किया था. ऐसे में धुरंधर 2 को 1300 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन करना होगा.