---विज्ञापन---
Dhurandhar 2: कौन है रिजवान? हमजा की परछाई बनकर पूरी फिल्म में रहा छाया, रणवीर सिंह से निकला खास कनेक्शन

'धुरंधर 2' ने अपनी रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है, आदित्य धर की कहानी लोगों को थिएटर तक खींचे ले जा रही है, फिल्म का हर एक किरदार कहानी में अहम योगदान देता है, इसी में एक ऐसा किरदार भी है, जिसे आपने 'धुरंधर' में देखा था, और इसके दूसरे पार्ट में वो हमजा के साय की तरह साथ नजर आता है, जी हां 'धुरंधर: द रिवेंज' इन दिनों सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है, और दर्शकों के बीच इसका जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. फिल्म में एक्शन, इमोशन और सस्पेंस का तगड़ा कॉम्बिनेशन है, लेकिन इन सबके बीच एक ऐसा किरदार है, जिसने बिना ज्यादा शोर किए भी दर्शकों का ध्यान खींच लिया, वो है रिजवान शाह.

पूरी फिल्म में रिजवान को हमजा की परछाई की तरह दिखाया गया है. जहां भी हमजा जाता है, रिजवान उसके साथ नजर आता है. खास बात ये है, कि रिजवान सिर्फ एक सपोर्टिंग कैरेक्टर नहीं है, बल्कि कहानी में उसकी अपनी अहम भूमिका है, जो धीरे-धीरे सामने आती है.

फिल्म में रिजवान भी हमजा की तरह एक अंडरकवर एजेंट होता है. हालांकि, उसकी असली पहचान किसी को नहीं पता होती. वो बड़ी चालाकी से अरशद पप्पू की गैंग में घुसपैठ करता है, और अंदर से सब कुछ समझता रहता है. कहानी तब दिलचस्प मोड़ लेती है, जब हमजा अरशद पप्पू को खत्म कर देता है, और उसके बाद रिजवान भी उसके साथ खड़ा नजर आता है.

इस किरदार को निभाया है मुस्तफा अहमद ने, जो असल जिंदगी में एक जाने-माने फिटनेस ट्रेनर हैं. बॉलीवुड में उन्हें स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच के तौर पर पहचाना जाता है. यही वजह है, कि फिल्म में उनके एक्शन सीन्स बेहद रियल और दमदार लगते हैं.

दिलचस्प बात ये है, कि रणवीर सिंह और मुस्तफा अहमद का रिश्ता सिर्फ इस फिल्म तक सीमित नहीं है. मुस्तफा पहले भी रणवीर को ट्रेन कर चुके हैं. 'पद्मावत' के दौरान उन्होंने रणवीर की फिटनेस पर खास काम किया था. इसके अलावा भी वे कई बड़े सितारों के साथ काम कर चुके हैं.

रिजवान और हमजा की ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री इसलिए भी मजबूत लगती है, क्योंकि दोनों की ऑफ स्क्रीन बॉन्डिंग पहले से ही अच्छी है. यही कारण है, कि फिल्म में उनकी जोड़ी दर्शकों को काफी पसंद आ रही है. तो ये कहा जा सकता है, कि 'धुरंधर 2' में रिजवान का किरदार कहानी को मजबूती देता है, और ये साबित करता है, कि कभी-कभी साइलेंट किरदार भी सबसे ज्यादा असर छोड़ जाते हैं.