---विज्ञापन---

आशा भोसले-लता मंगेशकर, दोनों बहनों को मिली एक जैसी मौत, एक जैसा ही होगा अंतिम संस्कार

हिंदी सिनेमा की मशहूर गायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया. इससे 4 साल पहले आशा भोसले उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर का निधन हुआ था. दोनों पंडित दीनानाथ मंगेशकर की पुत्रियां और सगी बहनें थीं. दोनों बहनों ने संगीत जगत में खूब नाम कमाया. पिता के निधन के बाद उन्होंने ही परिवार की जिम्मेदारी संभाली थी. दोनों के बीच मनमुटाव भी रहा, लेकिन समय के साथ सब ठीक हो गया था. आज हम आपको दोनों बहनों के निधन को लेकर कुछ दिलचस्प बता रहे हैं.

आशा भोसले-लता मंगेशकर, दोनों के बीच अक्सर एक प्रतिस्पर्धा मानी जाती थी. उनके रिश्तों में तनाव तब आया जब 16 साल की उम्र में आशा भोसले ने लता के सचिव गणपतराव भोसले से भागकर शादी कर ली थी. हालांकि, बाद में दोनों बहनों के रिश्ते फिर पहले से हो गए थे.

एक तरफ जहां लता दीदी अपनी शास्त्रीय शुद्धता और सुरीली आवाज के लिए जानी जाती थीं, वहीं आशा ताई ने अपनी वर्सटाइल और चुलबुली आवाज से कैबरे, पॉप और गजलों में अपनी अलग पहचान बनाई. हिंदी सिनेमा में उन्होंने मॉडर्न और शास्त्रीय दोनों तरह के गाने गाए.

लेकिन क्या आपको पता है दोनों बहनों की मौत के पीछे एक दिलचस्प संयोग है. ये वो कि लता मंगेशकर का निधन 92 वर्ष की आयु (2022) में हुआ था, और आशा भोसले का निधन भी 92 वर्ष की आयु (12 अप्रैल 2026) में ही हुआ है.

लता मंगेशकर की तरह ही आशा भोसले को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया और अपनी बड़ी बहन की तरह ही आशा ने भी यहां अपना दम तोड़ दिया.

दिलचस्प संयोग ये भी है कि लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार निधन के अगले दिन शिवाजी पार्क में किया गया था. ठीक इसी तरह सिंगर आशा भोसले का भी अंतिम संस्कार होगा. आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने कहा, ‘उनका (मां आशा भोसले) आज निधन हो गया. जो लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देना चाहते हैं, वे कल सुबह 11 बजे उनके घर पर आ सकते हैं. अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा.’

First published on: Apr 12, 2026 07:43 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.